Day of the Dead: भूतिया-कंकाल गेटअप में झूमते लोग, यहां मरे हुए लोगों को याद करने के रिवाज को देखने आती है दुनिया
Day Of The Dead Mexico: मेक्सिको में बड़े धूमधाम से 'डे ऑफ द डेड' यानी 'दिया दे मुर्तोस' का उत्सव मनाया गया. इस दौरान लोग अपने पूर्वजों को याद करते हुए सड़कों पर रंग-बिरंगे कपड़े और मेकअप लगाकर परेड करते हैं.
Day Of The Dead: मेक्सिको में इन दिनों मृतकों को याद करने का अनोखा उत्सव मनाया जा रहा है. इसे 'डे ऑफ द डेड' यानी 'दिया दे मुर्तोस' कहा जाता है. यहां सड़कों पर लोग रंग बिरंगे कपड़ों और मेकअप लगाकर परेड करने के लिए एक साथ इकट्ठा हुए. इसे मेक्सिको की सबसे खास परंपराओं में से एक माना जाता है.
बता दें कि इस परेड में बाटुकाडा ड्रमर्स, डांसर्स और पारंपरिक वेदियों से सजे वाहन भी शामिल थे. इसमें हिस्सा लेने पहुंचे लोग ला कैट्रिना से प्रेरित खास पोशाकें पहने हुए थे और उनके चेहरों पर कंकाल जैसे डिजाइन बने थे. ला कैट्रिना 1910–1913 के बीच मेक्सिको के फेमस आर्टिस्ट होसे ग्वाडालूपे पोसाडा का फेमस कार्टून है, जिसमें महिला के एक कंकाल को बड़ी टोपी पहने दिखाया गया है.
'ला कैट्रिना' का महत्व
'ला कैट्रिना' मेक्सिको में मृतकों की याद में मनाए जाने वाले वार्षिक उत्सव का एक प्रमुख प्रतीक बन गई है. परेड में शामिल एमी अरोयो ने कहा,' यह हमारे दिवंगत अपनों को याद करने, हंसने और हमारे जीवित होने का आनंद लेने का एक तरीका है. यह उन लोगों के बीच एक पुल बनाने जैसा है, जो अब हमारे बीच नहीं हैं और हम जो अभी यहां मौजूद हैं.'
अरोयो ने बताया कि जब यह जुलूस गुजरा तो बच्चों के चेहरों पर जो चमक दिखी वो बहुत खुशी और भावुक कर देने वाली थी.
दुनियाभर से लोग आए देखने
मेक्सिको में इस उत्सव को देखने के लिए कोस्टा रिका और चीन जैसे दूर-दराज देशों से भी लोग आए. कोस्टा रिका से आई एक टूरिस्ट कातिया ने कहा कि इस उत्सव में एक गहरा अर्थ छिपा है, जो उनके अपने देश में देखने को नहीं मिलता.
उन्होंने कहा कि हाल ही में अपने कई करीबी लोगों को खोने की वजह से इस परेड को देखना उनके लिए बहुत भावुक कर देने वाला अनुभव रहा. चीन से आए एक पर्यटक लियू बाइहान ने इसे एक रोमांचक और बेहद खास अनुभव बताया.
मेक्सिको की सबसे महत्वपूर्ण संस्कृति
बता दें कि 'डे ऑफ द डेड' (Day of the Dead) हर साल 1 और 2 नवंबर को मनाया जाता है. इसमें मूल निवासी और कैथोलिक परंपराओं का मेल देखने को मिलता है. इसे मेक्सिको के सबसे महत्वपूर्ण सांस्कृतिक आयोजनों में से एक माना जाता है, जो देश-विदेश के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है.
अमेरिका के सिएटल स्थित पाइक प्लेस मार्केट में भी पहली बार 'डे ऑफ द डेड' उत्सव का आयोजन किया गया.