पहले प्यार, फिर धर्म परिवर्तन और निकाह... शादी के 5 दिन बाद मैसेज से दिया तलाक, पहले से शादीशुदा था पति!
ब्रिटेन में एक महिला ने 10 महीने ऑनलाइन प्यार के बाद धर्म परिवर्तन कर निकाह किया. लेकिन शादी के पांच दिन बाद ही पति ने मैसेज भेजकर तलाक दे दिया. महिला का आरोप है कि पति पहले से शादीशुदा था.
जरा सोचिए कोई आप किसी शख्स से प्यार करो, उस पर यकीन करो और ये सब इतना ज्यादा हो जाए कि आप उसके लिए धर्म बदलकर मुस्लिम भी बन जाओ और शादी के महज 5 दिन बाद ही वो शख्स आपको तलाक दे दे, तो कैसा महसूस होगा? खुदा ना करे कि यह स्थिति के साथ भी आए, लेकिन ब्रिटेन में एक लड़की ने यह सब अपने साथ होते देखा है.
महिला का आरोप है कि जिस शख्स से उसने शादी की, उसने निकाह के महज पांच दिन बाद ही उसे टेक्स्ट मैसेज भेजकर तलाक दे दिया. महिला को बाद में पता चला कि उसका पति अपनी असली पहचान छिपाकर उससे मिला था और पहले से शादीशुदा था. हालांकि, आरोपी के वकीलों ने इन सभी आरोपों को खारिज किया है.
बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि महिला की मुलाकात करीब 10 महीने पहले मुस्लिम मैट्रिमोनियल वेबसाइट 'Muzz' पर एक शख्स से हुई थी. उस समय उसने अपना नाम एडम बताया था और कहा था कि वह मैनचेस्टर में रहता है. महिला के मुताबिक, दोनों के बीच करीब छह महीने तक ऑनलाइन बातचीत और वीडियो कॉल होती रही. इसके बाद दोनों ने मिलने का फैसला किया. महिला का कहना है कि वह इस रिश्ते को लेकर गंभीर थी और जब एडम ने शादी का प्रस्ताव दिया तो उसने बिना किसी शक के इसे स्वीकार कर लिया.
2 जून को हुआ था निकाह
महिला ने उसके लिए धर्म भी बदल लिया और 2 जून को वह लंकाशायर के ब्रीयरफील्ड पहुंची, जहां दो इमामों की मौजूदगी में दोनों का निकाह कराया गया. महिला चाहती थी कि उनकी शादी स्कॉटलैंड के ग्लासगो में परिवार और दोस्तों के बीच हो, लेकिन उनके होने वाले पति ने वहां शादी करने पर आपत्ति जताई. महिला के मुताबिक, स्कॉटलैंड में निकाह के साथ कानूनी शादी की प्रक्रिया भी पूरी करनी होती है और इसके लिए पहचान पत्र दिखाना जरूरी था. एडम ने इस पर नाराजगी जताई थी. अब महिला इसे अपने रिश्ते का एक बड़ा चेतावनी संकेत मानती हैं.
पांच दिन बाद मैसेज कर दिया तलाक
निकाह के बाद दोनों ने एक होटल में दो रातें बिताईं, लेकिन शादी के पांच दिन बाद ही महिला को पति का एक मैसेज मिला. इसमें लिखा था,'मैं तुम्हें तलाक देता हूं और तलाक दे चुका हूं.' इस मैसेज के बाद महिला सदमे में आ गई. उसका कहना है कि उन्हें बाद में पता चला कि एडम का असली नाम कुछ और था और वह पहले से ही एक दूसरी महिला से शादीशुदा था. महिला ने इस पूरे अनुभव को धोखाधड़ी और भावनात्मक एवं यौन शोषण बताया है.
आरोपी ने आरोपों को किया खारिज
आरोपी के वकीलों ने जेन के सभी आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि ये दावे बेबुनियाद हैं और उनके मुवक्किल के खिलाफ एक सुनियोजित अभियान का हिस्सा हैं. वकीलों के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पिछली शादी के बारे में महिला से कभी कोई बात नहीं छिपाई थी. निकाह के दौरान उसने अपना ड्राइविंग लाइसेंस भी दिखाया था.
निकाह कराने वाले इमाम ने मानी जांच में गलती
बीबीसी को मस्जिद की ओर से जारी निकाहनामे की एक कॉपी मिली है, जिसमें कुछ जानकारियां अधूरी और गलत पाई गईं. निकाह कराने वाले मुफ्ती अदील जमान ने कहा कि दोनों बालिग थे और अपनी मर्जी से शादी कर रहे थे. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पहचान पत्रों की जांच में कुछ गलतियां हुई थीं. लंकाशायर काउंसिल ऑफ मस्जिदों ने भी कहा कि निकाह कराने वाले लोगों की जिम्मेदारी है कि वे शादी से पहले संबंधित व्यक्तियों की पहचान और जरूरी जानकारियों की उचित जांच करें.
ब्रिटेन में कानूनी शादी से अलग होता है निकाह
इस मामले का एक अहम पहलू ब्रिटेन का कानून भी है. इंग्लैंड और वेल्स में केवल धार्मिक निकाह को कानूनी शादी का दर्जा नहीं मिलता. इसके लिए नागरिक विवाह (Civil Marriage) की प्रक्रिया भी पूरी करनी होती है. ऐसे में केवल निकाह करने वाले जोड़ों को कानूनी विवाह से मिलने वाले कई अधिकार और सुरक्षा नहीं मिल पाते. फिलहाल ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस को जेन की शिकायत की जांच के लिए कहा गया है. वहीं, मुस्लिम मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म Muzz ने आरोपी का अकाउंट स्थायी रूप से ब्लॉक कर दिया है.