दुबई से तेल-अवीव जा रही है 'फ्लाईदुबई' की फ्लाइट (FZ1073) के कॉकपिट में ओमानी को-पायलट के जरिए भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर हमला किया. जिस समय उनपर हमला किया गया तो फ्लाइट में हड़कंप मच गया और कुछ यात्री भी कॉकपिट की तरफ मदद करने के मकसद से दौड़े. इनमें इजरायली मूल के डेंटिस्ट डॉ श्रोता मुसायेव भी शामिल थे. उन्होंने बाद में बताया कि किस तरह उन्होंने स्मित मच्छार की मदद की थी.
डॉ. श्रोता ने ABC न्यूज को बताया कि जब वो कॉकपिट की तरफ दौड़े, तो उन्होंने देखा कि पायलट स्मित मच्छार बुरी तरह जख्मी हैं और उनका खून भी बह रहा है. इसके बाद उन्होंने पायलट की मदद की. उन्होंने बताया,'पायलट के सिर और बाएं हाथ से बहुत खून बह रहा था. मैंने टी-शर्ट से घावों को दबाया लेकिन खून बहना बंद नहीं हुआ. मैंने वहां सुरक्षाकर्मी से बर्फ मांगी. जख्म इतने गहरे थे कि हमें कई बर्फ की पट्टियां लगानी पड़ीं. इसके बावजूद खून का बहना कम नहीं हुआ.' उन्होंने बताया कि मैंने पूरे 45 मिनट तक पायलट के जख्मों पर दबाव बनाए रखा.
उन्होंने आगे बताया,'मैं पायलट को लगातार होश में रखने की कोशिशों में लगा रहा, इस दौरान में उनसे बातें कर रहा था, मैंने उनसे कहा कि सोइए मत, हमें आपकी बहुत जरूरत है. मैंने उनसे यह भी पूछा आपके कितने बच्चे हैं? उनके क्या-क्या नाम हैं? मैंने उनसे कहा कि आप घबराइए मत, आप जल्द ही अपने परिवार के पास जाएंगे और हम बस उतरने ही वाले हैं.'
डॉक्टर ने बताया कि इस दौरान स्मित मच्छार ने कहा कि कृपया मेरी मदद करें, मेरा ईश्वर मेरे साथ है. मैं जीना चाहता हूं, मेरे सिर में दर्द है, बहुत तकलीफ हो रही है. डॉक्टर ने आगे बताया कि एक समय उनकी नब्ज बहुत कमजोर हो गई थी. यहां तक कि उनके होठ भी नीले पड़ गए थे. ऐसे में मैंने उनके पैर ऊपर उठाए, जिससे नब्ज वापस आ गई. उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था, जब सभी यात्रियों को ऐसा लगने लगा था कि विमान हादसे का शिकार हो जाएगा और हम मर जाएंगे. मौत की बात करते हुए इजरायली डॉक्टर भावुक भी हो गए थे. उन्होंने इस बात पर 'हां' कहा कि वो सब मौत से सिर्फ 5 मिनट की दूरी पर थे.
बता दें कि दुबई से फ्लाइट उड़ने के बाद हवा में यह सबकुछ हो रहा था. जिसके बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक की तरफ मोड़ लिया गया और वहीं पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई. राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई. जख्मियों को अस्पताल में दाखिल कराया गया और को-पायलट से पूछताछ की जा रही है. को पायलट का नाम हम्माम अल हम्मामी है, जो ओमानी मूल का है.