‘महंगाई की मार, ईरान की रार और अपनों का वार...’ मिडटर्म में क्यों हारे ट्रंप? जेडी वेंस ने गिनाए ये कारण
अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनावों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी को करारा झटका लगा है. रिपब्लिकन को हराकर डेमोक्रेट्स ने दोनों सदनों (हाउस और सीनेट) पर कब्जा कर लिया है. रिपब्लिकन नेता और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपनी पार्टी की हार के कारण बताए हैं.
अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनावों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी को करारा झटका लगा है. रिपब्लिकन को हराकर डेमोक्रेट्स ने दोनों सदनों (हाउस और सीनेट) पर कब्जा कर लिया है. हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रेट्स को 228 सीटें हासिल हुईं, जबकि रिपब्लिकन पार्टी के खाते में 139 सीटें ही आईं. इसी तरह से सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी को 54 सीटों पर जीत मिली, जबकि रिपब्लिकन पार्टी के हिस्से में सिर्फ 44 सीटें आईं. डेमोक्रेट्स की आंधी में रिपब्लिकन के कई किले ध्वस्त हो गए. सबसे हैरान करने वाले नतीजे कंसास से आए, जहां करीब 100 साल बाद डेमोक्रेट्स ने चुनाव जीता है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1932 के बाद अब जाकर यहां डेमोक्रेट्स को जीत हासिल हुई है. रिपब्लिकन की इस शर्मनाक हार की अब दुनियाभर के चुनावी विशेषज्ञ समीक्षा करने में जुटे हैं. वहीं, अब रिपब्लिकन नेता और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपनी पार्टी की हार के कारण बताए हैं.
वेंस ने बताए हार के बड़े कारण
जेडी वेंस ने ईरान युद्ध और कमरतोड़ महंगाई को हार की बड़ी वजह बताया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि हमारी हार की वजह युद्ध है. वेंस ने कहा कि हर कोई जानता है कि हम क्यों हारे और आगे हमें क्या करना चाहिए, इस पर होने वाली किसी भी निष्पक्ष चर्चा की शुरुआत इसी बात से होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि ईरान से टकराव, कमरतोड़ महंगाई और बाकी अंदरूनी दिक्कतों की वजह से उन वोटर्स ने भी पार्टी से किनारा कर लिया, जिन्होंने 2024 के चुनाव में उनका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का खुलकर साथ दिया था. वेंस ने इतनी शर्मनाक हार के पीछे इमिग्रेशन पॉलिसी को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि हमारी इमिग्रेशन पॉलिसी से भी लोगों को काफी दिक्कत थी और वे अब इसमें जरूरी सुधार करने होंगे.
नतीजों पर वेंस ने किया बड़ा खुलासा
वेंस ने नतीजों पर बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि उन्हें इस तरह के नतीजों की बहुत पहले जानकारी मिल गई थी. उन्होंने कहा कि कुछ विश्लेषकों ने उन्हें बताया था कि 2024 में ट्रंप-वेंस को वोट देने वाले बहुत से लोग नाराज हैं और इस बार विरोधी पार्टी को वोट देने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि शुरुआती आंकड़ों से संकेत मिल रहे थे कि रिपब्लिकन समर्थक पर्याप्त संख्या में मतदान करने पहुंच रहे हैं, लेकिन विरोधियों की संख्या ज्यादा रही.
वेंस ने एक और बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि चुनाव से पहले उन मतदाताओं की राय जानने की कोशिश की गई थी, जिन्होंने 2024 में ट्रंप को वोट दिया था, लेकिन इस बार डेमोक्रेटिक पार्टी का समर्थन करने की योजना बना रहे थे.
हार पर क्या बोले राष्ट्रपति ट्रंप?
जेडी वेंस ने हार के लिए 'ईरान से जंग' को सबसे बड़ा कारण बताया है. वहीं, दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन नतीजों से पल्ला झाड़ते हुए साफ कहा कि यह जनादेश उनके खिलाफ नहीं है. ट्रंप ने कहा कि एक इंटरव्यू में कहा कि वह इस हार को व्यक्तिगत झटके के तौर पर नहीं देखते. उन्होंने दावा किया कि सरकार के कामकाज के लिहाज से पिछले 2 साल में उनका कार्यकाल ऐतिहासिक सफल रहा है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में अमेरिका की अर्थव्यवस्था पहले की तुलना में और ज्यादा मजबूत हुई. इस हार के बाद भी ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध को जारी रखने की बात कही. उन्होंने ईरान पर जल्द ही बड़ी कार्रवाई किए जाने के संकेत दिए हैं.
ये भी पढ़ें- कागज के बैलेट और रॉकेट जैसी रफ्तार: आखिर कैसे अमेरिका में मिनटों में हो जाती है करोड़ों वोटों की गिनती?