75 देशों ने किया बायकॉट, भाषण से पहले हुई हूटिंग; 3 मिनट सहने के बाद नेतन्याहू ने ललकारा- अगर कोई और कायर बचा है तो...
Netanyahu Speech In UGA: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने UNGA में अपने संबोधन के दौरान उनका विरोध करने वालों पर तंज कसा. उन्होंने सभा में हूटिंग करने करने वालों को लेकर कहा कि अगर यहां कोई और कायर है तो बाहर चला जाए.
UNGA Netanyahu Speech: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार ( 24 सितंबर 2026) को संयुक्त राष्ट्र महासभा ( UNGA) में अपना भाषण दिया. इस दौरान महासभा में बड़ी हलचल हुई. उनके मंच पर आते ही 75 देशों के प्रतिनिधियों ने हूटिंग चालू कर दी और उनका विरोध करते हुए बाहर जाने लगे.
नेतन्याहू इस दौरान मंच पर लगभग 3 मिनट तक चुपचाप खड़े रहे और फिर उन्होंने कहा,' भाषण शुरू करने से पहले मैं कहना चाहता हूं कि अगर यहां कोई और कायर है तो बाहर चला जाए.' नेतन्याहू ने अपने भाषण में विरोधियों और सहयोगियों पर जबरदस्त हमला भी किया.
हूटिंग के बीच नेतन्याहू का तंज
नेतन्याहू का भाषण शुरू होते ही दुनिया भर से आए कई राजदूत बाहर चले गए और कुछ ने हूटिंग और विरोध जताया, जबकि नेतन्याहू की अपनी टीम खड़ी होकर तालियां बजा रही थी. इस दौरान सत्र के अध्यक्ष ने शांति बनाए रखने की अपील की. नेतन्याहू ने उनकी ओर पीठ फेरने वाले लोगों से कहा,' अगर कोई और नैतिक रूप से कायर व्यक्ति है जिसने अभी तक यह हॉल नहीं छोड़ा है, तो कृपया अभी ऐसा करें.'
जोहरान ममदानी पर किया वार
इतना ही नहीं नेतन्याहू ने अपने संबोधन में न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी की आलोचना की. उन्होंने कहा,' आपने मुझे यहां आने से रोकने की कोशिश की. आपने मुझे चुप कराने की कोशिश की. खैर, आप मुझे चुप नहीं करा सकते. आप सच्चाई को चुप नहीं करा सकते.' बता दें कि ममदानी ने अपने इलेक्शन कैंपेन के दौरान वादा किया था कि अगर नेतन्याहू अमेरिका के सबसे बड़े शहर न्यूयॉर्क का दौरा करते हैं, तो उन्हों वॉर क्राइम्स के लिए गिरफ्तार कर दिया जाएगा. हालांकि, उन्होंने बाद में कहा कि उनके पास ऐसा करने के लिए कोई कानूनी अधिकार नहीं है.
चुनाव से पहले इजरायल में हलचल
बता दें कि बेंजामिन नेतन्याहू इजरायल के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री की गद्दी में रहने वाले नेता है. अगले कुछ महीने में वहां चुनाव भी होने वाले हैं, जिसको लेकर नेतन्याहू का भविष्य अनिश्चित बताया जा रहा है. इजरायली प्रधानमंत्री के UNGA में 40 मिनट के इस भाषण को इजरायल के चारों मुख्य टीवी चैनलों पर शाम के प्राइम-टाइम में लाइव दिखाया गया. UNGA में भाषण देने के लिए पहुंचे नेतन्याहू ने अमेरिका इस छोटी यात्रा पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कोई मुलाकात नहीं की. हालांकि, उन्होंने अपने भाषण में ट्रंप की तारीफ जरूर की.