इजरायली हसीना का जलवा, पोशाक पर विवाद का तड़का! 'पीस ड्रेस' पर मिस यूनिवर्स पेजेंट में मचा हल्ला, आखिर क्या है वजह?
मिस यूनिवर्स पेजेंट में जैसे ही मिस इजरायल रैंप पर उतरीं, दर्शकों का एक हिस्सा उनको देखकर हूटिंग करने लगा. विवाद उनकी ड्रेस को लेकर था. हालांकि, मिस इजरायल का कहना है कि उन्होंने हूटिंग नहीं सुनी.
मिस यूनिवर्स पेजेंट में इजरायल की कंटेस्टेंट डेनियल याब्लोन्का की ड्रेस पर बवाल मच गया है. दरअसल, उनके फ्लोर पर आते ही, कुछ दर्शकों ने हूटिंग की. मियामी में जन्मी 25 वर्षीय मॉडल ने प्यूर्टो रिको के सैन जुआन में आयोजित इस इवेंट के कॉस्ट्यूम कॉम्पिटिशन में हिस्सा लिया था.
जुलाई में 'मिस इजरायल' चुनी गईं याब्लोन्का ने रैंप पर चलते समय सुनहरे रंग की एक ड्रेस पहनी थी, जिसमें यरुशलम के पुराने शहर की झलक दिख रही थी. इस ड्रेस को फैशन डिजाइनर जैकब मीर ने डिजाइन किया था.
क्या था ड्रेस का मकसद?
'वेयर द डेजर्ट ब्लूम्स' (जहां रेगिस्तान खिलता है) नाम की उनकी इस ड्रेस में इजरायल के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और कृषि विकास की प्रेरणा शामिल थी. इसके जरिए इजरायल को एक ऐसे देश के रूप में दिखाने की कोशिश की गई, जहां परंपराओं और एडवांस इनोवेशन का मेल होता है. इसमें अंग्रेज़ी, अरबी और हिब्रू भाषाओं में 'शांति' (Peace) शब्द लिखा था, साथ ही इसमें कबूतर, जाफा संतरे और खट्टे फलों के बाग जैसे उम्मीद के प्रतीक भी शामिल थे.
'मिस इजरायल' के आधिकारिक अकाउंट के मुताबिक, इस ड्रेस के पीछे का विचार यह था कि दोनों तरफ तीन भाषाओं में एक मजबूत संदेश है - पीस, शालोम, सलाम. तीन भाषाएं, एक साझा उम्मीद. यह लचीलेपन, विविधता और इस विश्वास का जश्न है कि मु्श्किल हालातों से भी सुंदरता पनप सकती है, क्योंकि अगर हम रेगिस्तान में फूल खिला सकते हैं, तो हम शांति के बीज भी बो सकते हैं.'
कई लोगों ने उठाए सवाल
रैंप पर चलते समय दर्शकों के एक हिस्से ने याब्लोन्का के खिलाफ नारेबाजी की. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इजरायल-हमास युद्ध के माहौल में, उनकी पोशाक के जरिए दिए गए 'शांति' के संदेश पर भी सवाल उठाए.
हालांकि, याब्लोन्का ने 'चैनल 12' को बताया कि उनके साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ था, और हो सकता है कि वीडियो के साथ डिजिटल छेड़छाड़ की गई हो. 'द टाइम्स ऑफ इजरायल' के अनुसार, उन्होंने कहा, 'यह एक अजीब बात है, लेकिन मुझे 99 प्रतिशत यकीन है कि वीडियो में हूटिंग की आवाजें बाद में जोड़ी गई हैं. असल में किसी ने भी ऐसी कोई हूटिंग नहीं सुनी.'
उन्होंने कहा,'मैंने कोई हूटिंग नहीं सुनी.अभी जो वीडियो सामने आ रहे हैं, उन्हें देखकर ऐसा लगता है कि फिलिस्तीन के समर्थक वाले सभी पेजों पर हूटिंग की आवाजें और ज्यादा जोड़ दी गई हैं.' याब्लोन्का ने कहा कि भले ही दर्शकों के कुछ हिस्सों ने उन पर हूटिंग की हो, फिर भी वह अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए आगे बढ़ती रहतीं.
उन्होंने कहा,'भले ही वे हूटिंग कर रहे हों, फिर भी मैं आगे बढ़ती रहती, क्योंकि मुझमें बहुत जोश था, और मुझे ऐसा महसूस हो रहा था जैसे मैंने अपने सभी लोगों को अपने कंधों पर उठा रखा है.'