ट्रंप का इंतजार छोड़ ईरान पर अकेले टूटेगा इजरायल: जंग की तैयारी में जुटा IDF, ताबड़तोड़ मिसाइल अटैक के लिए मोसाद ने बनाया प्लान
अमेरिका की ओर से जंग को लेकर कोई तैयारी न देखने पर अब इजरायल ने अकेले ही ईरान पर हमला करने का मन बना लिया है. इजरायल को डर है कि ईरान कभी भी अपने केमिकल वेपन प्रोग्राम को आगे बढ़ा सकता है, जो उसके लिए किसी भी वक्त खतरा बन सकता है.
Israel-Iran Conflict: इजरायल की राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी मोसाद के डायरेक्टर रोमन गोफमैन ने ईरान के केमकल वेपन प्रोग्राम पर बढ़ती चिंताओं के बीच जरूरत पड़ने पर ईरान के खिलाफ एकतरफा इजरायली हमले का समर्थन किया है. उनका मानना है कि भले ही इस ऑपरेशन में अमेरिका शामिल हो या न हो वह कार्रवाई जरूर करेंगे. मोसाद चीफ का मानना है कि ज्यादा देरी करने से ईरान को ऐसी क्षमता विकसित करने का मौका मिल सकता है, जिससे खतरे को न्यूट्रलाइज करना काफी मुश्किल हो जाएगा.
रोमन गोफमैन की ओर से दिया गया यह बयान सिक्योरिटी एजेंसी के अंदर ईरान के खिलाफ मिलिट्री एक्शन की जल्दी और इजरायल की ओर से जॉइंट ऑपरेशन के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का इंतजार करने पर असहमति दिखाता है.
वादा देकर पीछे हटे ट्रंप?
ट्रंप ने इजरायल में चुनाव से लगभग एक महीने पहले हमले की तैयारी शुरू कर दी थी, जिससे इजरायल ने भी मिलिट्री को अलर्ट पर रखा और जोरदार तैयारी शुरू की. वहीं, इजरायल डिफेंस फोर्स के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने चुनाव से पहले युद्ध का विरोध किया, जबकि गोफमैन ने तर्क दिया कि जब तक वाशिंगटन इसमें हिस्सा लेने के लिए तैयार है इजरायल को कार्रवाई करने का मौका मिलना चाहिए. हालांकि, ट्रंप ने बाद में हमले के प्लान को छोड़ दिया और इजरायल भी अलर्ट से हट गया. गॉफमैन इस महीने की शुरुआत में वॉशिंगटन गए. यहां उन्होंने एक जॉइंट मिलिट्री ऑपरेशन के प्लान को आगे बढ़ाने की कोशिश की. हालांकि, ट्रंप एडमिनिस्ट्रेशन ने अभी तक यह तय नहीं किया कि हमला करना है या नहीं.
जॉइंट ऑपरेशन से कैसे इजरायल को मिलेगा फायदा?
अमेरिका के पास इजरायल से ज्यादा मिलिट्री क्षमताएं हैं. वहीं, अमेरिका के ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में शामिल होने पर इजरायल को अधिक फायरपावर, इंटेलिजेंस, एरियल रीफ्यूलिंग, लॉजिस्टिक सपोर्ट और एम्युनिशन भी मिलेगा. इतना ही नहीं US नेवी और एयर फोर्स भी ईरान की जवाबी कार्रवाई से बचाव में मदद कर सकती हैं, जिससे इजरायल पर ऑपरेशनल और डिफेंस का बोझ कम होगा और लंबे समय तक मिलिट्री ऑपरेशन चल सकता है. इस जॉइंट ऑपरेशन से इजरायल को वाशिंगटन का डिप्लोमैटिक सपोर्ट भी मिलेगा, जिससे स्ट्रेटेजिक नतीजे मिलने की संभावना बढ़ सकती है.
अमेरिका का इंतजार नहीं करेगा इजरायल
अमेरिका की ओर से समर्थन न मिलने की संभावना को देखते हुए गॉफमैन ने तर्क दिया कि इजरायल को अमेरिका का साथ लिए बिना भी ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पर विचार करना चाहिए. उन्होंने चिंता जताई की ईरान चुपके से और तेजी से केमिकल वेपन की क्षमताएं बना रहा है. मिलिट्री चीफ ट्रंप के फैसले का इंतजार करने और अमेरिका के साथ जॉइंट ऑपरेशन करने के पक्ष में हैं, जिसमें अमेरिका के शामिल होने से इजरायल की मिलिट्री क्षमता काफी बढ़ जाएगी. हालांकि, सेना का ये भी मानना है कि अगर कोई बड़ा खतरा पैदा होता है तो, इजरायल बिना किसी की मदद लिए अकेले ही काम करेगा. गॉफमैन का मानना है कि ईरान के केमिकल हथियारों के बढ़ते खतरे को देखते हुए इजरायल कोई जोखिम नहीं उठा सकता है.