SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कैश, कार और न्यूड मॉडल... सोशल मीडिया पर भौकाल काटने वाला 'ईरानी इंस्टा किंग' कैसे पहुंच गया सलाखों के पीछे?

सोशल मीडिया पर भौकाल काटने वाला 'ईरानी इंस्टा किंग' अब सलाखों के पीछे है. वह ऐसा क्रिमिनल है, जिसने अय्याशी में अच्छे-अच्छों को पीछे छोड़ दिया था.

Written By Devinder Kumar
Published: Nov 10, 2026, 10:35 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 10:45 PM IST
Image Credit: आखिरकार अय्याश ईरानी इंस्टा किंग पुलिस की पकड़ में आ ही गया
Join

सोशल मीडिया पर लग्जरी कारें, महंगी पार्टियां, नोटों की गड्डियां और ग्लैमरस दुनिया... यह किसी फिल्म की स्क्रिप्ट नहीं बल्कि इंटरनेट पर खुद को 'किंग' कहने वाले एक शख्स की असल जिंदगी थी. ईरान का रहने वाला 55 साल का फरजाद 'टोनी' तौतुनी अपने इसी सनकी अंदाज के चलते इंस्टाग्राम पर छाया रहता था. उसके दस लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे लेकिन अब उसकी इस रंगीन दुनिया पर हमेशा के लिए ब्रेक लग गया है.

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी ICE ने उसे लॉस एंजिल्स से धर दबोचा है. अधिकारियों का कहना है कि वह अमेरिका में गैरकानूनी तरीके से रह रहा था. उस पर किडनैपिंग, लूटपाट और जबरन वसूली जैसे गंभीर जुर्म के मामले दर्ज हैं.

कौन है अमेरिका का 'ईरानी इंस्टा किंग'?

रिपोर्ट के मुताबिक, फरजाद 'टोनी' तौतुनी मूल रूप से ईरान का नागरिक है. वह इंस्टाग्राम पर @lunatic_living नाम से अकाउंट चलाता था. सोशल मीडिया पर वह अपनी दौलत और अय्याशी दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ता था. कभी वह महंगी स्पोर्ट्स कारों में घूमता दिखता तो कभी प्राइवेट जेट की पार्टियों में नजर आता. उसकी फीड्स में अक्सर कैश, कम कपड़ों में मॉडल्स और आलीशान महफिलों की तस्वीरें भरी रहती थीं.

ये भी पढ़ें- ईरान की जमीन के नीचे बिछा रॉकेट का जाल! वीडियो जारी कर दुनिया को फिर दिखाई नई 'मिसाइल सिटी'

उसने अपने बायो में खुद को 'सेल्फ मेड एंटरप्रेन्योर' लिखा था. अपने लिए उसने 'पेल्विस फिलैंथ्रोपिस्ट' जैसा अजीबोगरीब नाम चुना था. पिछले साल उसकी एक तस्वीर खूब वायरल हुई थी, जिसमें वह प्राइवेट जेट के अंदर तीन महिलाओं के साथ बैठा था. उसकी टेबल पर सौ-सौ डॉलर के नोटों के बंडल रखे थे.

इसके कैप्शन में उसने लिखा था कि वह हर दिन ऐसे जीता है, जैसे जिंदगी का आखिरी दिन हो. एक दूसरी तस्वीर में वह शर्टलेस था, उसके कंधे पर एक न्यूड मॉडल बैठी थी और वह दूसरे हाथ से खाना खा रहा था. नीचे कैप्शन था, 'नो वाइफ, ग्रेट वाइफ'.

करोड़ों की हवेली और लग्जरी शौक

टोनी सिर्फ वर्चुअल दुनिया में ही राजा नहीं था बल्कि असल जिंदगी में भी वह हॉलीवुड हिल्स इलाके में करीब 42 करोड़ रुपये यानी 5 मिलियन डॉलर की आलीशान हवेली में रहता था. कुछ समय पहले उसे मशहूर डेजर्ट फेस्टिवल 'बर्निंग मैन' में भी पार्टी करते देखा गया था, जहां उसके साथ कई लड़कियां थीं. उसने अपने कैंप को बेहद खास साइकेडेलिक थीम पर सजाया था, जिसमें स्टाइलिश आरवी और ट्रेलर शामिल थे. हालांकि बाद में उसने कहा था कि उस फेस्टिवल का अनुभव ठीक था लेकिन वह दोबारा कभी वहां नहीं जाना चाहेगा.

1983 में आया था अमेरिका फिर शुरू हुआ अपराध का खेल

अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक टोनी साल 1983 में कानूनी तरीके से अमेरिका आया था. वक्त के साथ उसका नाम कई काले कारनामों में जुड़ता चला गया. ICE अधिकारियों का दावा है कि उसने 'फरजाद' के अलावा 'रॉबर्ट' नाम का भी इस्तेमाल किया. धमकियां देने, साजिश रचने और ड्रग्स बेचने जैसे मामलों में उसकी कई बार गिरफ्तारियां हो चुकी थीं. फर्जी चेक चलाने, बड़ी चोरी, जालसाजी, अपहरण और लूटपाट जैसे गंभीर मामलों में उसे 16 महीने से ज्यादा की सजा भी काटनी पड़ी थी.

दो बार देश से निकाला गया फिर भी नहीं माना

टोनी के खिलाफ कानून का शिकंजा कई बार कसा गया. साल 1993 में एक इमिग्रेशन जज ने उसे देश से बाहर भेजने का आदेश दिया था, लेकिन वह यहीं डटा रहा. इसके बाद 1999 में एक बार फिर कोर्ट ने उसे डिपोर्ट करने का आदेश दिया, जिसके बाद अधिकारियों ने उसे मेक्सिको बॉर्डर पार भेज दिया था. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. ICE के मुताबिक लगभग 12 साल बाद उसने दोबारा अमेरिका में अवैध एंट्री मार दी.

कनाडा से नदी पार कर ऐसे घुसा अमेरिका

अधिकारियों का कहना है कि 4 अप्रैल 2011 को टोनी ने कनाडा की तरफ से अमेरिका में घुसपैठ की थी. उसने कनाडा में एक इलेक्ट्रिक राफ्ट खरीदा और उसी के सहारे नदी पार करके मिशिगन के सेंट क्लेयर इलाके के पास अमेरिकी सीमा में दाखिल हो गया.

इसके बाद वह चुपचाप अमेरिका में रहने लगा और बेफिक्र होकर अपनी लग्जरी लाइफ सोशल मीडिया पर परोसता रहा. उसकी इन तस्वीरों को देखकर कोई यह सोच भी नहीं सकता था कि यह शख्स अमेरिकी एजेंसियों के रडार पर है. आखिरकार, 27 अक्टूबर को इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट के एजेंटों ने उसे लॉस एंजिल्स से दबोच लिया.

फिलहाल वह फेडरल कस्टडी में है और अधिकारी उसके पुराने आपराधिक इतिहास को खंगालते हुए उसे देश से बाहर भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर पैसों और ग्लैमर का शो करने वाले टोनी अब अपने कर्मों की सजा भुगत रहा है. उसे फिर से डिपोर्ट किया जाने वाला है, इसके बाद वह वापस आ पाएगा या नहीं, इसके बारे में कोई बता नहीं सकता. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES