)
अमेरिका और ईरान के बीच जारी भीषण जंग अब महायुद्ध में बदलती जा रही है. ईरान ने एक बार फिर से अमेरिका के दो सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया है. ईरान के विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि 'आत्मरक्षा' में हमने अमेरिका के दो सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. ईरान ने कुवत में स्थित अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और मिसाइल/ड्रोन लॉन्च प्लेटफॉर्म को निशाना बनाने का दावा किया है. मुस्लिम मुल्क ने इसे आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई करते हुए कहा कि यह अमेरिकी हमलों का जवाब है. इसी के साथ ईरान ने उन देशों को चेतावनी दी है, जो अमेरिका को अपने क्षेत्र का इस्तेमाल करने दे रहे हैं.
बड़े हमले की तैयारी कर रहा अमेरिका?
उधर, अमेरिका भी अब ईरान पर बड़े हमले की तैयारी में है. राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से बड़े हमले की धमकी के बाद अमेरिका ने मध्य पूर्व (पश्चिम एशिया) में अपना तीसरा विमानवाहक पोत तैनात कर दिया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि 'यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट' (CVN 71) मध्य पूर्व पहुंच गया है.
यह युद्धपोत अपने साथ हजारों सैनिक को लेकर पहुंचा है. बता दें कि इस क्षेत्र में दो वॉरशिप पहले से तैनात थीं. अमेरिका ने यूएसएस जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश युद्धपोत को अप्रैल में तैनात किया था, जबकि यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन वॉरशिप को अगस्त में इस इलाके में भेजा गया था. अब तीसरा युद्धपोत भी आ जाने से बड़े पैमाने पर लड़ाई छिड़ने का डर पैदा हो गया है.
अमेरिका को ईरान की चेतावनी
अमेरिका की हर मूवमेंट पर ईरान की नजरें जमी हुई हैं. ईरान के उप विदेश मंत्री काजिम गरीबाबादी ने चेतावनी देते हुए कहा कि उनका देश पहले हमला करने का इंतजार नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका या इजरायल की ओर से हमें जरा सा भी खतरा महसूस हुआ, तो फिर हम उसके हमले का इंतजार नहीं करेंगे.
होर्मुज में तेल टैंकरों की सुरक्षा पर सवाल
वहीं, दोनों देशों में संघर्ष बढ़ने से होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री सुरक्षा और तेल परिवहन को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं. होर्मुज स्ट्रेट में बुधवार को एक बार फिर से एक तेल टैंकर को निशाना बनाया गया. फारस की खाड़ी में होर्मुज स्ट्रेट की तरफ बढ़ रहा था, तभी उस पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ. इस जहाज पर तीन भारतीय नाविक भी सवार थे.