SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पाकिस्तान में फिर टकराव की आहट! इमरान खान की पार्टी ने ठुकराया समझौता, CM के नेतृत्व में आज से इस्लामाबाद कूच

पाकिस्तान में शहबाज सरकार और इमरान की पार्टी PTI के बीच बात नहीं बन पाई, जिसके बाद PTI ने इमरान खान की रिहाई की मांग लेकर लॉन्ग मार्च शुरू कर दिया है. पीटीआई ने ठाना है कि वो इस्लामाबाद कूच करके ही रहेंगे. उधर सरकार भी अड़ गई है कि किसी को राजधानी में पैर तक नहीं रखने देंगे. आइए जानते हैं पूरा मामला...

Written By Bhoopendra Rai
Published: Oct 04, 2026, 21:40 IST | Updated: Oct 04, 2026, 21:53 IST
Image Credit: PTI ने इमरान खान की रिहाई की मांग लेकर लॉन्ग मार्च शुरू किया.
Join

पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) और सरकार के बीच बात नहीं बन पाई है. घंटों चली मैराथन बातचीत पूरी तरह बेनतीजा रही. जिसके बाद पीटीआई ने अपने प्लान के अनुसार, राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन जारी रखने का फैसला किया है. पीटीआई के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर चुके हैं. रविवार को खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी के नेतृत्व में यह लॉन्ग मार्च शुरू हो चुका है. लक्की मारवत के गुंडी चौक से शुरू हुए मार्च में पार्टी नेता जुनैद अकबर सहित कई अन्य प्रमुख चेहरे शामिल हैं.

दरअसल, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ यानी पीटीआई ने मांग रखी है कि इमरान खान से तुरंत मुलाकात करने दी जाए, उन्हें ऐसे अस्पताल ले जाया जाए, जहां उनके निजी डॉक्टर उनकी जांच कर सकें. इसके साथ पार्टी ने इमरान की बहनों और प्रदर्शन से पहले गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों को रिहा करने की मांग रखी थी. इसके अलावा इमरान की पत्नी बुशरा बीबी की मेडिकल जांच कराने और उनके खिलाफ चल रहे मामलों की बिना किसी दखल के सुनवाई करने की मांग रखी गई थी.

11 घंटे चली बैठक बेनतीजा रही

इन सभी मांगों को लेकर दोनों पक्षों के बीच संसद भवन में शनिवार शाम 4:00 बजे से मीटिंग शुरू हुई थी, जो रविवार तड़के करीब 3:00 बजे तक चली. करीब 11 घंटे तक चली बातचीत में कोई नतीजा नहीं निकल पाया. सीनेट में विपक्ष के नेता अल्लामा राजा नासिर अब्बास ने संसद भवन के बाहर पत्रकारों को बताया कि मीटिंग का मुद्दा हल नहीं हो सका, जबकि सरकारी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने कहा कि वार्ता मुख्य रूप से इसलिए विफल रही क्योंकि विपक्षी पक्ष यह ठोस आश्वासन नहीं दे सका कि वे भविष्य में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करेंगे या नहीं.

इससे पहले शुक्रवार को भी दोनों के बीच पहले राउंड की बातचीत हुई थी. बात जारी रखने पर रजामंदी तो हुई, लेकिन हाथ कुछ नहीं लगा. सरकार की तरफ से यह शर्त रखी गई कि किसी भी समझौते या मांग पर बात तभी होगी, जब PTI 4 अक्टूबर वाला अपना मार्च पूरी तरह कैंसल करे, जबकि PTI इस बात पर अड़ी रही कि प्रदर्शन टालने का फैसला बाद में होगा, पहले पार्टी नेताओं को इमरान खान से सीधे मिलने दिया जाए. पीटीआई ने पहले 27 सितंबर को ही इस्लामाबाद कूच करने का ऐलान किया था, जिसे बाद में खिसकाकर 4 अक्टूबर कर दिया गया था, जो अब शुरू हो चुका है.

8 अक्टूबर को खैराबाद पहुंचेगा मार्च

4 अक्टूबर यानी आज से खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी के नेतृत्व में 5 दिवसीय मार्च शुरू हो चुका है, जो डेरा इस्माइल खान, बन्नू, करक, कोहाट, पेशावर और चारसद्दा से होकर गुजरेगा. अफरीदी ने बताया कि पूरा प्रांत 8 अक्टूबर को खैराबाद में इकट्ठा होगा, जहां वे आगे की अंतिम कार्ययोजना और लॉन्ग मार्च के अगले चरण की घोषणा करेंगे.

लॉन्ग मार्च रोकने के लिए रास्ते सील

उधर पीटीआई का लॉन्ग मार्च रोकने के लिए पाकिस्तान सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है. इस्लामाबाद को जोड़ने वाले बड़े-बड़े रास्तों पर भारी कंटेनर खड़े कर दिए गए हैं. पुलिस फोर्स जगह-जगह तैनात है. साथ ही पीटीआई नेताओं पर भी शिकंजा कसना शुरू हो गया है. इसी हफ्ते पार्टी के दर्जनों नेताओं और पूर्व मंत्रियों को या तो उठा लिया गया या फिर उनके गैर-जमानती वारंट निकाल दिए गए हैं. इसके अलावा सुरक्षा को खतरा बताकर इमरान खान की तीनों बहनों को भी गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया था.

ये भी पढ़ें: रूस के ड्रोन ने यूक्रेन में तबाह किया भारत का कारोबार, 400 करोड़ का फार्मा प्लांट खाक; 30 साल की मेहनत मलबे में
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES