)
चीनी संदिग्ध जासूस के साथ अफेयर के आरोपों के बीच घिरे एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग का अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बचाव किया है. ट्रंप ने हुआंग को 'बहुत ही बेहतरीन इंसान' बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे नेशनल सिक्योरिटी को कोई खतरा नहीं पहुंचा होगा.
ट्रंप ने कहा,'जब मैंने इस बारे में सुना, तो मुझे बहुत हैरानी हुई, क्योंकि मैं उन्हें एक बहुत ही बेहतरीन इंसान मानता हूं और काफी समय से जानता हूं. यह दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है, शायद वैल्यू के हिसाब से सबसे बड़ी. उन्होंने यह सब एक चिप के जरिए हासिल किया है.'
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने पहले हुआंग से बात की थी और पूछा था कि क्या उन्हें उस महिला के चीनी खुफिया एजेंसियों से जुड़े होने के आरोपों के बारे में पता था, जैसा कि फॉक्स न्यूज ने रिपोर्ट किया है.
ट्रंप ने कहा,'उन्होंने बताया कि उन्हें बिल्कुल नहीं पता था कि वह महिला एक जासूस है, और मुझे उनकी बात पर पूरा यकीन है.' एनवीडिया के तकनीकी दबदबे का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि हुआंग की इंजीनियरिंग उपलब्धियां दुनिया भर में बेजोड़ हैं. राष्ट्रपति ने कहा,'सोचिए, उनके पास एक ऐसी चिप है, जो 10 साल आगे की तकनीक है. इसकी जटिलता इतनी ज्यादा है कि 'ब्लैकवेल' चिप को कोई कॉपी भी नहीं कर सकता। वह वाकई कमाल के इंसान हैं.'
क्या इस चीनी जासूसी कांड से नेशनल सिक्योरिटी पर कोई असर पड़ेगा तो इस पर ट्रंप ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि कोई समस्या है. अगर कोई समस्या होती है, तो हम आपको बता देंगे, लेकिन मुझे उम्मीद है कि कोई दिक्कत नहीं है.' राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि उन्होंने इस विवाद पर हुआंग का सार्वजनिक बयान सुना है. उन्होंने हुआंग को लेकर सहानुभूति जताई. उनके निजी जीवन में खलबली मची हुई है.
ट्रंप ने आगे कहा,'मुझे लगता है कि वह बहुत तकलीफ में हैं. मैंने उनका बयान पढ़ा है और मुझे यकीन है कि वह बहुत परेशान हैं. खासकर अपने परिवार की वजह से अपनी पत्नी, जिनसे वह बहुत प्यार करते हैं, और अपने पूरे परिवार की वजह से. लेकिन हां, वह निश्चित रूप से बहुत तकलीफ में हैं.'
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, एनवीडिया बोर्ड इस बात की अलग से जांच कर रहा है कि क्या हुआंग किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना थे.बोर्ड ने कहा है कि उसे ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है जिससे नेशनल सिक्योरिटी या कंपनी के गोपनीय रहस्यों को कोई खतरा पहुंचा हो.
फॉक्स न्यूज ने बताया कि सोमवार को शेयरधारकों ने हुआंग के खिलाफ मुकदमा दायर किया. उनका आरोप है कि कंपनी ने निवेशकों से इस बात को छिपाया कि हुआंग के एक ऐसी महिला के साथ संबंध थे, जिस पर चीन के लिए जासूसी करने का संदेह है.
रिपोर्ट के मुताबिक, कैलिफोर्निया के सैन होस में एक फेडरल कोर्ट में दायर इस मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि एनवीडिया और हुआंग ने नेशनल सिक्योरिटी से जुड़ी उन चिंताओं का खुलासा नहीं किया, जिनसे कंपनी की प्रतिष्ठा और कारोबार को नुकसान पहुंच सकता था. बताया जाता है कि हुआंग ने कर्मचारियों से कहा था कि उन्होंने अपनी पत्नी को धोखा दिया है, लेकिन उन्होंने एलिस हुआंग के साथ अपने कथित संबंधों पर कुछ नहीं कहा.
एलिस हुआंग, सिंगापुर स्थित चिप खरीदार कंपनी 'मेगास्पीड' (Megaspeed) की पूर्व कार्यकारी रह चुकी हैं. फॉक्स न्यूज ने आगे बताया कि शेयरधारकों ने सोमवार को बाजार बंद होने के ठीक पांच मिनट बाद यह मुकदमा दायर किया. उस समय एनवीडिया के शेयरों में 4.3% की गिरावट आई थी, जिससे कंपनी की बाजार वैल्यू में लगभग 190 अरब डॉलर का नुकसान हुआ.
चीन ने सोमवार को उन आरोपों को खारिज कर दिया कि एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग को किसी चीनी खुफिया अभियान के जरिए निशाना बनाया गया था. चीन ने इन रिपोर्टों को "बेबुनियाद अटकलें" और चीन को बदनाम करने की कोशिश बताया.
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने एक सवाल के जवाब में यह बात कही. उनसे 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक रिपोर्ट के बारे में पूछा गया था, जिसमें अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के हवाले से दावा किया गया था कि एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग के करीबी एक चीनी महिला बीजिंग को खुफिया जानकारी दे रही थी.
जब उनसे पूछा गया कि क्या चीन ने इन रिपोर्टों को देखा है और क्या इस पर उनका कोई बयान है, तो गुओ ने कहा, 'ये रिपोर्टें बेबुनियाद अटकलें हैं और चीन को बदनाम करने की कोशिश हैं.' भारत में चीनी दूतावास के प्रवक्ता यू जिंग ने X पर प्रवक्ता के जवाब का वीडियो साझा करते हुए कहा,'चीन, एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग से जुड़े तथाकथित 'चीनी जासूस' वाले आरोपों को पूरी तरह से खारिज करता है.'