)
खुद की जान पर खेलकर 172 यात्रियों की जान बचाने वाले फ्लाईदुबई के पायलट स्मित मच्छार की ताजा तस्वीर सामने आई है. कॉकपिट में जानलेवा हमले के दौरान बुरी तरह घायल हुए पायलट मच्छार अब रिकवरी कर रहे हैं. उनका इलाज यूएई में चल रहा है. 2 अक्टूबर को हॉस्पिटल में उनसे मिलने UAE के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कैप्टन का माथा चूम लिया.
हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम ने एक्स पर एक पोस्ट की, जिसमें उन्होंने पायलट मच्छार की कुछ तस्वीरें भी लगाईं. उन्होंने लिखा, 'फ्लाईदुबई के पायलट, जिन्होंने हिम्मत, जिम्मेदारी और इंसानी जिंदगी की परवाह की सबसे ऊंची मिसाल पेश की. हमारी तरफ से, और देश के लीडरशिप की तरफ से, उनकी पूरी तारीफ और सराहना है. हमें गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं. हमारे देश की कहानी का हिस्सा हैं और UAE जिस चीज के लिए खड़ा है उसका हिस्सा हैं दया का देश, शांति का देश और जिंदगी का देश.'
During a visit to Captain Smit Machchhar… the flydubai pilot who embodied the highest degrees of courage, responsibility, and care for human life.
From us, and from the leadership of the nation, he has our full appreciation and praise.
We are proud that he is part of our… pic.twitter.com/QgpQxdcK5C— Hamdan bin Mohammed (@HamdanMohammed) October 3, 2026
दरअसल, भारतीय पायलट स्मित मच्छार फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुए हमले के दौरान बुरी तरह घायल हुए थे. यह फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी. तभी को-पायलट ने उन पर चाकू से हमला करके विमान को क्रैश करने की कोशिश की थी, जो नाकाम रही. प्लेन में 170 से ज्यादा यात्री सवार थे. जब विमान हवा में था तभी कॉकपिट में ओमानी को-पायलट ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था.जब स्थिति बिगड़ी तो कॉकपिट के अंदर से आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद कुछ यात्री कॉकपिट की तरफ पहुंचे.
घायल होने के बाद कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था, जिसकी वजह से यात्री और क्रू मेंबर अंदर पहुंच सके और आरोपी पर काबू किया. फिर प्लेन में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने विमान का कंट्रोल संभाला और उसे सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया.
इस जानलेवा हमले के बाद कैप्टन स्मित को इलाज के लिए सऊदी अरब के तबुक के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, फिर उसके बाद उन्हें संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी स्थित एक अस्पताल में शिफ्ट किया गया है. फ्लाइट को क्रेश कराने की कोशिश को नाकाम करने में जो बहादुरी दिखाई है, उसकी चर्चा हर तरफ है. हर कोई उनकी बहादुरी को सलाम कर रहा है.