App

FBI डायरेक्टर काश पटेल ने की सगाई, 18 साल छोटी गर्लफ्रेंड एलेक्सिस विल्किंस का है विवादों से नाता

अमेरिका के FBI डायरेक्टर काश पटेल ने अपनी गर्लफ्रेंड और अमेरिका की मशहूर कंट्री सिंगर एलेक्सिस विल्किंस से सगाई की है. इसकी आधिकारिक घोषणा रविवार (04 अक्टूबर) को की गई. काश पटेल और विल्किंस की सगाई की तस्वीर पर फैंस बधाई दे रहे हैं.

FBI डायरेक्टर काश पटेल ने की सगाई, 18 साल छोटी गर्लफ्रेंड एलेक्सिस विल्किंस का है विवादों से नाता
Image Credit: काश पटेल ने अपनी गर्लफ्रेंस से रचाई शादी. (फाइल फोटो)

अमेरिका से सामने एक खबर ने नई चर्चा छेड़ दी है. यूएस के एफबीआई (FBI) डायरेक्टर काश पटेल ने अपनी गर्लफ्रेंड एलेक्सिस विल्किंस से सगाई की है. बताया जा रहा है कि रविवार (04 अक्टूबर) को सगाई हुई. एलेक्सिस विल्किंस अमेरिका की मशहूर कंट्री सिंगर हैं और जानी-मानी हस्तियों में गिनी जाती हैं. काश पटेल 46 साल के हैं और विल्किंस 28 साल की हैं, दोनों पिछले तीन साल से अधिक समय से रिश्ते में थे.  

दरअसल, रविवार को काश पटेल और एलेक्सिस विल्किंस ने सगाई की आधिकारिक घोषणा की. हालांकि, दोनों शादी कब करेंगे, इसको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है. सगाई की खबर सुनकर उनके फैंस काफी खुश हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सिंगर एलेक्सिस विल्किंस ने अपनी इंगेजमेंट रिंग फ्लॉन्ट की है.

सगाई की फोटो आई सामने

काश पटेल और विल्किंस की सगाई के बाद की तस्वीर भी सामने आई है. एलेक्सिस विल्किंस ने एक्स पर एक फोटो शेयर किया है, जो ब्लैक-एंड-व्हाइट है. इस तस्वीर में दोनों मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं. जोड़ा अपनी इंगेजमेंट रिंग फ्लॉन्ट करते हुए नजर आ रहा है. इस फोटो में हीरे की अंगूठी नजर आ रही है. इस पोस्ट पर फैंस कमेंट कर रहे हैं. विल्किंस की ओर से शेयर की गई तस्वीर के साथ लिखा 'मैं गई और कानून को इसमें शामिल कर लिया.'  ये कैप्शन लोगों को काफी पसंद आ रहा है.

कौन हैं एलेक्सिस विल्किंस

एलेक्सिस विल्किंस अमेरिका मशहूर कंट्री सिंगरों में से एक हैं. उनके गानों को न केवल अमेरिका, बल्कि दुनिया के कई हिस्सों में पसंद किया जाता है. विल्किंस का जन्म बोस्टन में हुआ था, हालांकि परवरिश अर्कांसस में हुई. संगीत के साथ वह अभी भी पढ़ाई करती हैं. उन्होंने साल 2020 में बेलमोंट यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) पूरा किया.

वहीं, काश पटेल ने अपना बचपन लॉन्ग आइलैंड के गार्डन सिटी में बिताया है. काश पटेल ने जब करियर में अच्छा मुकाम हासिल किया, तब भी एलेक्सिस उनके साथ रही थीं. साल 2025 के फरवरी महीने में काश पटेल ने जब एफबीआई डायरेक्टर के रूप में शपथ ली, तब एलेक्सिस पूरी शान के साथ उनके बगल में खड़ी नजर आई थीं.

कैसे शुरू हुई प्रेम कहानी

रिपोर्ट्स के अनुसार, काश और एलेक्सिस की प्रेम कहानी काफी दिलचस्प है. दोनों की पहली मुलाकात साल 2022 में हुई थी. पहली मुलाकात के दौरान दोनों के बीच अच्छी बातचीत हुई. इसके बाद धीरे-धीरे दोनों ने एक दूसरे को जानना शुरू किया. साल 2023 की शुरुआत में दोनों एक दूसरे को डेट करना शुरू किया. उस वक्त से लेकर अब-तक दोनों एक दूसरे के साथ मजबूत से खड़े रहे हैं.

विवादों में भी घिरीं काश पटेल की मंगेतर

गौर करने वाली बात है कि मशहूर सिंगर एलेक्सिस विल्किंस कानूनी मामलों को लेकर भी सुर्खियों में रहीं. पिछले साल उन्होंने यूटा के अमेरिकी जिला न्यायालय में सैमुअल पार्कर नाम के एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसपर पर पांच मिलियन डॉलर का मानहानि का मुकदमा दायर किया था. बताया जाता है कि पार्कर ने झूठा दावा किया था कि एलेक्सिस विल्किंस इजरायली जासूस हैं.

हालांकि, मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने इस मामले को खारिज कर दिया था. अदालत ने कहा कि यह मुकदमा गलत अधिकार क्षेत्र में दायर किया गया. यही कारण है कोर्ट ने कोई फैसला नहीं सुनाया. इसके अलावा एलेक्सिस विल्किंस ने काइल सेराफिन एलिजा शेफर जैसे अन्य कई इन्फ्लुएंसर्स पर भी मानहानि के मुकदमें दर्ज कराए थे. वैसे अब ये कपल अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करने जा रहा है. लोग जीवन के नए पारी की शुरुआत की शुभकामनाएं दे रहे हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More