भीख की जमीन पर शेख चिल्ली वाले सपने: शहबाज देख रहे पाक के छठी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनने के ख्वाब
पाक पीएम शहबाज शरीफ ने दावा किया है कि 2050 से पहले पाकिस्तान, दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा. हालांकि, हकीकत से इसका कोई वास्ता नहीं है. शहबाज के इस बयान में उतना ही दम है, जितना जमीन और आसमान के मिलने वाले दावे में होता है.
पाकिस्तान में पैदा होने वाला बच्चा भी करीब 4 लाख रुपये कर्ज में दबा होता है, इसके बावजूद पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ दुनिया की छठी अर्थव्यवस्था बनने का ख्वाब देख रहे हैं. 'मुंगेरीलाल के हसीन सपने' देख रहे शहबाज ने 'पाकिस्तान मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम 2026' में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 2050 से पहले पाकिस्तान दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा. गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट का हवाला देते हुए शहबाज ने कहा कि 2075 तक पाकिस्तान दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की बात कही गई है, लेकिन मैं इसमें सुधार करना चाहता हूं. उन्होंने आगे कहा कि हम 2050 से पहले ही इस मुकाम तक पहुंच जाएंगे. शहबाज की हवा-हवाई बातों पर लोगों ने खूब तालियां बजाईं. किसी ने भी उनसे यह सवाल नहीं किया कि विदेशी कर्ज के बोझ से दबे पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए उनके पास क्या प्लान है?
पाकिस्तान में साल-दर-साल बढ़ रही गरीबी
विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम स्थिति पर है. गरीबी की वजह से लोग भूखों मरने की स्थिति में हैं. इस रिपोर्ट में कहा गया कि पाकिस्तान में गरीबी 16.5 प्रतिशत से बढ़कर 23.0 प्रतिशत हो गई है. रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की समस्या केवल महंगाई तक सीमित नहीं है. कमजोर आर्थिक विकास, विदेशी कर्ज का दबाव, सीमित रोजगार सृजन, ऊर्जा क्षेत्र की चुनौतियां और राजनीतिक अस्थिरता ने आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ाई हैं.
मुल्क में गरीबी रेखा से नीचे 10 करोड़ लोग
महंगाई का सबसे बुरा असर गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर पड़ा है. UNDP के 2026 ग्लोबल मल्टीडायमेंशनल पॉवर्टी इंडेक्स के मुताबिक, पाकिस्तान में करीब 10 करोड़ लोग गंभीर गरीबी से जूझ रहे हैं. इस रिपोर्ट के अनुसार, मुल्क के 75 लाख लोगों भुखमरी से जूझ रहे हैं. उन्हें दो वक्त की रोटी और बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. शहबाज सरकार खुद भी इस बात को स्वीकार करती है. पाकिस्तान के योजना मंत्रालय के अनुसार, मुल्क में राष्ट्रीय गरीबी दर 21.9 प्रतिशत से बढ़कर 28.9 प्रतिशत हो गई है.
IMF की रहम पर मुल्क चला रहे शहबाज
स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (SBP) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2026 के अंत में पाकिस्तान का कुल कर्ज और देनदारियां 6.46% बढ़कर 98.881 ट्रिलियन रुपये हो गई है. इस रिपोर्ट में सरकार का कुल घरेलू कर्ज 53.427 ट्रिलियन रुपये से बढ़कर 57.758 ट्रिलियन रुपये होने की बात कही गई है. बीते एक साल में मुल्क पर चढ़े हुए विदेशी कर्ज में भी भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है. एक साल पहले पाकिस्तान पर 34.671 ट्रिलियन रुपये का कर्ज था, जो अब 7.29% बढ़कर 37.197 ट्रिलियन हो गया है. रिपोर्ट में कहा गया कि मुल्क की आर्थिक स्थिति को संभालने के लिए पाकिस्तानी सरकार को हर वक्त अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) पर निर्भर रहना पड़ता है.
पाकिस्तान छोड़कर भाग रहे लोग
'सेंटर फॉर पीस स्टडीज' की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के आर्थिक हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि लोग अब देश छोड़कर जाने को मजबूर हैं. इस रिपोर्ट में कहा गया कि पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में पेश सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि 2026 के शुरुआती 6 महीनों में 3.17 लाख से ज्यादा लोग नौकरी की तलाश में देश छोड़ चुके हैं. वहीं, 2024 से 2026 के बीच 18.7 लाख से अधिक पाकिस्तानी विदेश चले गए. रिपोर्ट के मुताबिक, पुर्तगाल अमीर और रसूखदार पाकिस्तानियों की पसंदीदा जगह बनता जा रहा है. मुल्क छोड़ने वालों में राजनेताओं से लेकर सेना के रिटायर अफसर भी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- बदलेगा करार, पानी पर नया दांव तैयार! गंगा की धारा को लेकर बांग्लादेश पर भारत करेगा 'वाटर स्ट्राइक'?