)
स्टारलिंक और स्पेस एक्स के मालिक एलन मस्क ने ट्रंप की पार्टी के लिए अपने खजाने की तिजोरी का मुंह खोल दिया है. मस्क ने अपने फ्रेंड ट्रंप की पार्टी को 276 मिलियन यूएस डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में करीब 26 अरब 38 करोड़ का डोनेशन दिया है. डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी इस पैसे का इस्तेमाल मिड टर्म चुनाव के लिए कर रही है. आपको बताते चलें कि हाल ही में ट्रंप ने मस्क को मॉर्डन युग का 'एडिसन' बताकर मस्क की शान में खूब कसीदे पढ़े थे. हालांकि मस्क की इस भारी भरकम डोनेशन को लेकर अमेरिका में सियासी बवाल मचा है.
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इतना पैसा न्योछावर करके एलन मस्क, डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन पार्टी को सबसे ज्यादा चंदा देने वाले शख्स बन गए हैं. मस्क ने ये फंड अमेरिका में आगामी 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों में पार्टी को मजबूती से चुनाव लड़ने के नाम पर दिया है.

मस्क का ये चंदा इसलिए भी अमेरिका में बड़ी बहस का मुद्दा बन चुका है, क्योंकि मस्क पहले भी चंदा देने के मामले में सबसे आगे रह चुके हैं. इससे पहले मस्क ने रिपब्लिकन पार्टी के 'सीनेट लीडरशिप फंड' में 158 मिलियन अमेरिकी डॉलर का चुनावी चंदा दिया था. जो अमेरिका के चुनावी इतिहास का सबसे बड़ा सियासी चंदा था जो उस समय डेमोक्रेट्स को अपने सभी दानदाताओं से मिली कुल रकम से भी ज्यादा था. यानी डेमोक्रेट्स को जितना चंदा उनके सैकड़ों समर्थकों ने दिया, उससे भी कहीं ज्यादा मस्क ने ट्रंप के नाम पर निछावर कर दिया था.
आगामी चुनावों को लेकर मस्क के इस तरह पानी की तरह पैसा बहाने पर अमेरिका में विपक्षी पार्टी के नेता बर्नी सैंडर्स ने आरोप लगाया है कि रिपब्लिकंस को चुनावी फायदा पहुंचाने के लिए यह रकम दान में दी गई है. उन्होंने ये भी कहा कि ट्रंप की पार्टी इस पैसे का इस्तेमाल चुनावी लॉलीपॉप बांटकर जनता के जनादेश को प्रभावित करने के लिए करेगी.
सैंडर्स ने ये भी कहा, 'मस्क ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप की जीत के लिए 29 करोड़ डॉलर खर्च किए थे. इसके बाद उनकी संपत्ति 696 अरब डॉलर बढ़ गई थी. इस तरह ट्रंप के रहमोकरम पर मस्क दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए थे.'
Elon Musk spent $290 million to elect Trump. It paid off. Since his election, Musk got $696 billion richer & became the world’s 1st trillionaire. But that’s not enough. Now, Musk is spending $366 million to keep Republicans in control of Congress. STOP MUSK. STOP OLIGARCHY.
— Bernie Sanders (@BernieSanders) October 12, 2026
ट्रंप की सरकार में अहम भूमिका निभा चुके एलन मस्क, ट्रंप के डाई हार्ड फ्रेंड हैं. मस्क के बेटे व्हाइट हाउस में इतना फ्रीक्वेंट घूमकर मस्ती करते हैं, मानो वह जगह राष्ट्रपति निवास न होकर उनके पिता का घर हो. इस चक्कर में ट्रंप और मस्क दोनों के विरोधी खूब घेरते हैं, लेकिन उनकी केमिस्ट्री ऐसी है कि दुनिया चाहे जो कहे, उन्हें रत्तीभर फर्क नहीं पड़ता है.
मस्क के चुनावी फंडिंग का सबसे बड़ा शेयर उन संगठनों को मिला है, जो अमेरिकी संसद के दोनों सदनों- सीनेट (कांग्रेस) और प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) के चुनावों में रिपब्लिकन उम्मीदवारों का समर्थन करते हैं. मस्क ने रिपब्लिकन सीनेट उम्मीदवारों के समर्थन में 15.8 करोड़ डॉलर दिए थे. इस सिलसिले में 'अमेरिका पीएसी' को 7.6 करोड़ डॉलर का पॉलिटिकल फंड मिला था, जो करीब 40 सीटों पर ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों के लिए खुलकर प्रचार कर रहा है. वहीं दूसरी ओर हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों का समर्थन करने वाली संस्था को दो करोड़ डॉलर दिए गए.
इस पॉलिटिकल फंडिंग की जानकारी का खुलासा होते ही कई अन्य विपक्षा सांसदों और नेताओं ने मस्क के साथ ट्रंप को भी घेरा है.