)
30 सितंबर के दिन फ्लाईदुबई की उड़ान FZ 1073 में सफर के दौरान स्मित मच्छार पर हमला करने वाले को-पायलट की नफरत भरी सोच को लेकर अब चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. ओमान के को-पायलट और विमान में स्मित मच्छार पर हमला करने वाले आरोपी के एक करीबी दोस्त ने उसकी कट्टर सोच और अजीबोगरीब हरकतों का खुलासा किया है. वहीं इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी ओमानी को-पायलट को कट्टर और नफरती बताया है.
इजरायली मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है आरोपी ओमानी को-पायलट बेहद कट्टर धार्मिक विचारों वाला था. वह महिलाओं से हाथ तक मिलाने से बचता था और दिन में कई बार नमाज पढ़ता था. आरोपी को-पायलट के दोस्त ने इजरायली मीडिया से बातचीत में ये भी बताया कि वो महिलाओं को लेकर बहुत ही नफरती नजरिया रखता था. वो महिलाओं से चिढता है और धार्मिक कट्टरता से भरा हुआ है.
इजरायल के चैनल 16 के एडिटर और न्यूज एंकर योसेफ इजरायल ने आरोपी को-पायलट के दोस्त से बात की. इस दोस्त ने आरोपी को-पायलट को लेकर ऐसे खुलासे किए हैं कि उन्हें सुनकर आपके पैरों तले जमीन खिसक जाएगी. उसके साथ काम करने वाले आरोपी को-पायलट के दोस्त ने बताया कि धार्मिक गतिविधियों को लेकर उसका व्यवहार बिलकुल असामान्य था. आरोपी को-पायलट महिलाओं को लेकर बेहद संकीर्ण और नफरत से भरा नजरिया रखता था. वह इतना कट्टर था कि कभी किसी महिला से हाथ तक नहीं मिलाता था और दफ्तर या आम जीवन में महिलाओं की मौजूदगी से ही चिढ़ जाता था.
भारतीय पायलट और अपने साथी स्मित मच्छार पर ओमान के को-पायलट के किए गए अचानक हमले ने सभी को सन्न कर दिया था, लेकिन दोस्त के इस बयान से साफ होता है कि उसके मन में लंबे समय से गुस्सा और नफरत पनप रही थी. जांच एजेंसियां अब उसकी इसी मानसिकता को केंद्र में रखकर आगे की पड़ताल कर रही हैं. फ्लाईदुबई के विमान में उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉकपिट में मौजूद ओमानी को-पायलट ने विमान को नीचे गिराकर क्रैश करने की कोशिश की. इस दौरान आरोपी ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया और उन्हें गंभीर चोटें आईं.
अब तक मीडिया में यही बात सामने आई थी कि स्मित मच्छार पर आरोपी को-पायलट ने चाकू से हमला किया था जबकि अब मीडिया में ऐसी खबरें भी आ रही हैं कि स्मित मच्छार पर आरोपी को-पायलट ने शीशा तोड़ने वाली छोटी कुल्हाड़ी से हमला किया. स्मित पर हमले के अंदाज को देखकर ही इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि आरोपी हमलावर कितना कट्टर होगा जिसने उनके सीने के बाईं और जहां दिल होता है और फिर उसके बाद उनके पेट के निचले हिस्से में जहां किडनी होती है, ऐसे गंभीर और संवेदनशील अंगों पर वार किया. ऐसी जगहों पर चोट लगने से इंसान की मौत के सबसे ज्यादा चांसेज रहते हैं.
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ 1073 में हुई. बताया गया कि विमान करीब 90 सेकंड में 17,000 फीट से ज्यादा नीचे आ गया. इस दौरान विमान की पूंछ पर लगा रडर भी अत्यधिक दबाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गया. हालात बिगड़ने पर यात्रियों ने कॉकपिट तक पहुंचकर हमलावर सह-पायलट को काबू में करने में मदद की. इसके बाद विमान को सुरक्षित उतारने में वहां मौजूद अनुभवी पायलटों ने भी मदद की. इजरायल पहुंचने के बाद यात्री यानिव हयून ने बताया कि उन्होंने कॉकपिट में घुसकर सह-पायलट को काबू करने में मदद की और विमान के नियंत्रण संभाले.