रात 3 बजे तक गेम खेलता था पति, तंग आकर पत्नी ने दी 'डिजिटल सुपारी', कैरेक्टर की मौत ने सुलाया चैन की नींद
यह दिलचस्प मामला चीन के दक्षिणी प्रांत ग्वांगडोंग से सामने आया है. पत्नी के आइडिया ने ऐसा काम किया है कि अब पति समय पर सो जाता है.
एक महिला ने अपने पति की देर रात तक ऑनलाइन गेम खेलने की आदत छुड़ाने के लिए ऐसा जुगाड़ लगाया कि हर कोई हैरान रह गया. उसने ऑनलाइन गेमर्स से गुजारिश की कि वे गेम में उसके पति के कैरेक्टर को ढूंढकर बार-बार मार दें, ताकि वह परेशान होकर गेम बंद कर दे और टाइम पर सो जाए. पत्नी का यह आइडिया काम कर गया. इसके बाद महिला ने यह पूरी कहानी खुद सोशल मीडिया पर शेयर की है.
यह मामला चीन के ग्वांगडोंग प्रांत का है. 'साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट' के अनुसार, चेन (Chen) नाम की महिला ने 14 नवंबर को एक पोस्ट करके बताया कि उनके पति पिछले तीन रातों से सुबह 3-4 बजे तक गेम खेल रहे थे, जिससे उनकी नींद खराब हो रही थी. इसलिए उन्होंने गेमर्स से कहा कि रात करीब 1 बजे उनके पति के कैरेक्टर 'tiantiankaixin' को टारगेट करें. बस फिर क्या था, कई खिलाड़ी इस काम में जुट गए और तीन घंटे तक ली के कैरेक्टर को इतनी बार मारा कि उन्हें बार-बार कब्रिस्तान से आत्मा बनकर वापस जिंदा होने के लिए लौटना पड़ा और फिर वह गेम ही नहीं खेल पाए.
12 बजे से पहले सोने लगा पति
दरअसल, गेम के नियम के मुताबिक, हर बार हारने के बाद ली के कैरेक्टर को एक आत्मा के रूप में कब्रिस्तान से वापस उस जगह तक चलकर आना पड़ता था, जहां उसकी मौत हुई थी, ताकि वह फिर से जिंदा हो सके. इस तरकीब का असर तुरंत देखने को मिला और दूसरे ही दिन ली रात 12 बजे से पहले ही सोने चले गए. चेन ने खुश होते हुए बताया कि पूरे साल में यह पहली बार था जब उनके पति इतनी जल्दी सोए थे.
गलतफहमी में दूसरे खिलाड़ी भी पिटे
इसका असर यह हुआ कि दूसरी ही रात ली 12 बजे से पहले सो गए, जो पूरे साल में सबसे जल्दी था. दिलचस्प बात यह है कि चेन के पति के कैरेक्टर की पिटाई के चक्कर में मिलते-जुलते नाम वाले कुछ दूसरे खिलाड़ियों की भी गलती से पिटाई हो गई और लोगों ने मजाक में इस आईडी को गेम का 'हिडन बॉस' बता दिया.
'इनविजिबल मोड' भी नहीं आया काम
तगड़ी पिटाई होने के बाद चौथे दिन ली ने बचने के लिए 'इनविजिबल मोड' वाला कैरेक्टर भी चुना, लेकिन गेमर्स ने उनकी लोकेशन ढूंढकर वहां भी उन्हें हरा दिया. आखिरकार, ली ने अब देर रात तक जागकर गेम खेलना छोड़ दिया है.
ये भी पढ़ें: दूध की 6,000 खाली बोतलों से बना दी सड़क! शंघाई के इस प्रयोग ने चौंकाया, क्या वाकई खत्म होगा प्लास्टिक संकट?