SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कैलिफोर्निया में फिर निशाने पर हिंदू मंदिर, 3 साल में तीसरी बार सेंधमारी; मैनेजमेंट ने नेता से मांगी मदद

अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक बार फिर हिंदू मंदिर निशाने पर आया है. यहां रविवार को तड़के लगभग 4 बजे कोई मंदिर में घुस गया. इस घटना के बाद मंदिर मैनेजमेंट ने भारतीय-अमेरिकी कांग्रेस सदस्य रो खन्ना से जांच की मांग की.

Written By Shruti Kaul
Published: Nov 17, 2026, 12:37 IST | Updated: Nov 17, 2026, 12:41 IST
Join

California Hindu Mandir Attacked: अमेरिका में पिछले कुछ समय से हिंदू मंदिरों को टारगेट किया जा रहा है. पिछले महीने अक्टूबर 2026 में इलिनॉय के ऑरोरा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामीमंदिर पर मास शूटिंग की साजिश का मामला सामने आया था. इसके अलावा कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, टेक्सास और सिएटल में भी कई हिंदू मंदिरों पर तोड़फोड़ की गई. अब एक बार फिर कैलिफोर्निया के सिलिकॉन वैली स्थित एक हिंदू मंदिर में फिर से सेंधमारी हुई है. पिछले 3 सालों में यह तीसरी घटना है.

हिंदू मंदिर में सेंधमारी की घटना के बाद मंदिर मैनेजमेंट ने भारतीय-अमेरिकी कांग्रेस सदस्य रो खन्ना से जांच और सुरक्षा में मदद की अपील की. बता दें कि सांता क्लारा स्थित 'शिव दुर्गा टेंपल ऑफ बे एरिया' ने भक्तों के लिए एक सार्वजनिक संदेश जारी कर बताया कि रविवार (15 नवंबर 2026) तड़के करीब 4 बजे मंदिर में कोई घुस आया. मंदिर प्रशासन ने कहा कि वे स्थानीय पुलिस और जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और नुकसान का आकलन कर रहे हैं.
नोटिस में कहा गया,' बेहद भारी मन से हम यह जानकारी साझा कर रहे हैं कि आज तड़के करीब 4 बजे हमारे मंदिर में फिर से कोई घुस आया.'

निशाने पर हिंदू मंदिर

इसमें आगे कहा गया,' इस तरह की बार-बार होने वाली घटनाओं और चुनौतियों से हम बेहद निराश हैं, लेकिन हमारी आस्था अडिग है. हम फिलहाल स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच कर रहे हैं और हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं.' यह संदेश भारतीय-अमेरिकी रिपब्लिकन रितेश टंडन ने 'X' पर शेयर किया. 

टंडन कैलिफोर्निया के 17वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से चुनाव लड़ चुके हैं. हालांकि, वो जीत नहीं पाए थे. कांग्रेस सदस्य को संबोधित करते हुए टंडन ने पूछा कि उनका कार्यालय इस जांच में कैसे मदद कर सकता है और मंदिर को सुरक्षित रखने में क्या सहयोग दे सकता है. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि हिंदू मंदिरों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है.

मंदिर को कितना नुकसान हुआ?

इस रिपोर्ट के लिए पुलिस की ओर से इस ताजा घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं मिल सकी है. मंदिर के नोटिस में यह नहीं बताया गया कि क्या चोरी हुआ या क्या नुकसान पहुंचा, न ही किसी संदिग्ध की पहचान बताई गई और न ही नुकसान की कोई निश्चित राशि बताई गई. नोटिस के शीर्ष पर लिखा था,' शिव दुर्गा मंदिर के अध्यक्ष खन्ना जी की ओर से संदेश.'
मंदिर के अध्यक्ष सुनील खन्ना ने भक्तों से शांति बनाए रखने और एक-दूसरे का साथ देने की अपील की, जबकि मंदिर प्रशासन इस घटना का आकलन कर रहा है. संदेश में कहा गया,' जैसे-जैसे हमें और जानकारी मिलेगी, हम समुदाय को आगे के अपडेट देंगे.'

'मंदिर में प्रवेश जारी रखें भक्त...'

नोटिस के साथ अपने संदेश में, टंडन ने मंदिर समिति को त्वरित कार्रवाई करने और पुलिस के साथ मिलकर काम करने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने भक्तों से आग्रह किया कि वे मंदिर आना जारी रखें और मरम्मत तथा सुरक्षा कार्यों में मदद करें. इस मंदिर की स्थापना सांता क्लारा काउंटी में हिंदू परिवारों ने की थी. यहां रोजाना प्रार्थना और आरती, बच्चों के लिए धार्मिक शिक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और त्योहारों का आयोजन किया जाता है. ( इनपुट- IANS) 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज़ी न्यूज में सब एडिटर. वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, राजस्थान से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन. ये राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मुद्दो से जुड़े विषयों पर लिखती हैं. लिखने के अलावा श्रुति को नई जगहों पर घूमना, संगीत सुनना, फिल्में देखना और फूड एक्सप्लोर करने का बेहद शौक है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES