बुशरा बीबी की जेल बनी जहन्नुम: सेल से मिले 7 सांप, चूहे और कॉकरोच, इस्लामाबाद हाई कोर्ट पहुंचा मामला
बुशरा बीबी की जेल की स्थिति पर इस्लामाबाद हाईकोर्ट में मामला पहुंचा है. रिपोर्ट के मुताबिक उनकी सेल से सांप, चूहे और कॉकरोच मिलने से हड़कंप मच गया है. पूरी खबर यहां पढ़ें.
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की जेल में बिगड़ती सेहत और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं. ताजा घटनाक्रम में, बुशरा बीबी ने इलाज के लिए अस्पताल स्थानांतरित किए जाने की मांग को लेकर इस्लामाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. एआरवाई न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट में दायर इस याचिका में जेल की कोठरी (सेल) के अंदर के बेहद खराब और खतरनाक हालातों का जिक्र किया गया है, जिसने कानूनी और राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है.
इस्लामाबाद हाईकोर्ट में दायर याचिका के अनुसार, बुशरा बीबी जिस सेल में बंद हैं, वहां से अब तक 7 सांप, चूहे और कॉकरोच निकल चुके हैं. याचिका में इसे उनकी जान और सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया गया है. इसके अलावा, उनकी सेहत को लेकर भी गंभीर दावे किए गए हैं. दस्तावेजों के मुताबिक, बुशरा बीबी की आंखें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं. उन्हें आंखों में मोतियाबिंद की शिकायत है और हालत यह है कि वह बिना चश्मे के कुछ भी देख पाने में असमर्थ हैं. याचिका में इस बात पर भी आपत्ति जताई गई है कि जेल में तैनात ड्यूटी डॉक्टर नेत्र रोग विशेषज्ञ नहीं है, जिसके कारण उन्हें सही इलाज नहीं मिल पा रहा है. कोर्ट से गुहार लगाई गई है कि बुशरा बीबी को तत्काल उचित और समय पर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए.
इमरान खान ने चीफ जस्टिस को लिखा पत्र
पत्नी की याचिका से ठीक पहले, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान ने भी जेल में अपने साथ हो रहे व्यवहार और बिगड़ती सेहत को लेकर देश की सर्वोच्च न्यायपालिका से हस्तक्षेप की मांग की है. रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान ने बैरिस्टर सलमान सफदर के माध्यम से पाकिस्तान के चीफ जस्टिस और उच्च न्यायपालिका के अन्य न्यायाधीशों को एक विस्तृत पत्र भेजा है.
यह भी पढ़ेंः पाकिस्तान के टुकड़े-टुकड़े होंगे? 12 प्रांत बनाने के लिए जनमत संग्रह की तैयारी, जरदारी ने क्यों अड़ाया अड़ंगा?
इस पत्र में उन्होंने अपनी कैद के दौरान की दयनीय स्थिति, बीमारी, कानूनी अधिकारों के हनन और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन न होने पर गहरी चिंता व्यक्त की है. जानकारी के मुताबिक, अदियाला जेल में वकीलों के साथ हुई करीब तीन घंटे की लंबी मुलाकात के दौरान इमरान खान ने यह पत्र तैयार करने के लिए विशेष निर्देश दिए थे.
'एक आम कैदी के रूप में लिख रहा हूं पत्र'
सामने आए पत्र के मजमून में इमरान खान ने स्पष्ट किया है कि वह यह पत्र किसी पूर्व प्रधानमंत्री या एक बड़े राजनीतिक नेता की हैसियत से नहीं, बल्कि देश के एक आम कैदी के रूप में लिख रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि 20 दिसंबर 2025 के बाद से उन्हें पूरी तरह से एकांतवास (सॉलिटरी कन्फाइनमेंट) में रखा गया है और बाहरी दुनिया से उनका संपर्क पूरी तरह काट दिया गया है. पत्र में दावा किया गया है कि उन्हें रोजाना 22 घंटे तक अकेले एक कोठरी में बंद रखा जाता है, जो कि जेल के नियमों का सीधा उल्लंघन है.
दाईं आंख की 85 फीसदी रोशनी जाने का दावा
अपने स्वास्थ्य को लेकर इमरान खान ने इस पत्र में बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है. वकील से मुलाकात के दौरान यह बात सामने आई कि उनकी दाईं आंख की लगभग 85 प्रतिशत रोशनी जा चुकी है. इसके साथ ही, उन्होंने अपने कानूनी अधिकारों के हनन का मुद्दा उठाते हुए बताया कि पिछले एक साल के भीतर उन्हें अपने वकील से मिलने की अनुमति केवल चार बार ही दी गई है.
इमरान खान और बुशरा बीबी की ओर से एक ही दिन में सामने आए इन दोनों घटनाक्रमों ने जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सभी की निगाहें इस्लामाबाद हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के अगले कदम पर टिकी हैं कि वे इन गंभीर आरोपों और चिकित्सा संबंधी मांगों पर क्या निर्देश जारी करते हैं.