7 दिनों से धधक रहा बांग्लादेशः अर्धसैनिक बलों से भी नहीं थम रही हिंसा-आगजनी! BNP के 2 नेताओं समेत 4 की मौत
गृहयुद्ध जैसे हालातों के बीच बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने सात जिलों में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की है. गोपालगंज जिले में हालात सबसे ज्यादा गंभीर होने के कारण यहां बीजीबी की 29 प्लाटून तैनात की गईं हैं.
पड़ोसी देश बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है. शेख हसीना के समर्थक अब सत्ताधारी पार्टी BNP नेताओं को निशाना बना रहे हैं. इन हिंसक घटनाओं में 2 BNP नेताओं समेत 4 लोगों के मारे जाने की खबरें हैं. मुल्क के हालात अब गृहयुद्ध जैसे बन गए हैं. स्थिति लगातार गंभीर होते देख अब प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने करीब सात जिलों में अर्धसैनिक बलों की तैनाती कर दी है. बांग्लादेशी न्यूज एजेंसी BSS की रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी ढाका समेत 7 जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के 86 प्लाटून तैनात किए गए हैं, जबकि चार प्लाटून को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है.
अर्धसैनिक बलों को सौंपी गई कमान
BSS के अनुसार, ढाका के अलावा नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मैमनसिंह, फरीदपुर और कॉक्स बाजार में BGB जवानों को तैनात किया गया है. गोपालगंज जिले में हालात सबसे ज्यादा गंभीर होने के कारण यहां बीजीबी की 29 प्लाटून की तैनाती की गई है. वहीं, ढाका में 23 टुकड़ियों और गाजीपुर में 15 प्लाटून तैनात की गई हैं. नारायणगंज, मैमनसिंह, फरीदपुर और कॉक्स बाजार में भी चप्पे-चप्पे पर बीजीबी के जवानों का पहरा बिठा दिया गया है. अर्धसैनिक बलों के साथ स्थानीय पुलिस भी लगातार सड़क पर गश्त लगा रही है. ड्रोन कैमरे के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है. इसके बाद भी हालात शांत होने का नाम नहीं ले रहे हैं.
मंत्रियों को निशाना बना रहे उपद्रवी
शुक्रवार (20 नवंबर) को भी मंत्रियों के आवासों को निशाना बनाया गया. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, शुक्रवार (20 नवंबर) को पूर्वोत्तर शहर सिलहट में कनिष्ठ विदेश मंत्री हुमायूं कबीर के आवास पर पेट्रोल बम फेंका गया. इस घटना के बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पर निशाना साधते हुए कहा कि पेट्रोल बम फेंककर किसी 'भागे हुए आतंकवादी' को वापस नहीं लाया जा सकता. वहीं, इससे पहले उपद्रवियों ने गुरुवार को राजशाही में अवामी लीग के पूर्व कनिष्ठ विदेश मंत्री के घर को फूंक दिया था. इसके अलावा अंतरिम सरकार में प्रमुख रहे मोहम्मद यूनुस के घर को भी आग के हवाले कर दिया गया था. घटना के वक्त उनके दोनों भाई अपने परिवार के साथ मकान के अंदर मौजूद थे. गनीमत रही कि किसी को भी कोई चोट नहीं पहुंची.
बीते 24 घंटे में 124 लोग गिरफ्तार
इन हिंसक घटनाओं के लिए सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने बताया कि राजधानी ढाका में पिछले 24 घंटों के दौरान अवामी लीग से जुड़े 124 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, हालांकि इस बारे में कोई और जानकारी नहीं दी गई. पुलिस ने शेख हसीना की पार्टी के समर्थकों पर इन हिंसक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप लगाया है.