हैलोवीन पर हैवानियत: वीकेंड पर जश्न के बीच कई अमेरिकी शहरों में ताबड़तोड़ फायरिंग, 24 लोगों की मौत
अमेरिका में हैलोवीन के मौके पर लोग अलग-अलग तरह के कॉस्ट्यूम पहनते हैं और रातभर जश्न में डूबे रहते हैं. हालांकि, त्योहार का ये समय हिंसा के लिए भी खूब जाना जाता है. इस साल हैलोवीन के मौके पर कई जगहों पर मास शूटिंग की खबरें सामने आईं.
Halloween Mass Shooting: अमेरिका में हैलोवीन वीकेंड के दौरान कई शहरों में फायरिंग की घटनाएं हुईं, जिनमें कई घायल हुए और कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई. शूटिंग की सबसे भीषण हिंसा डलास में हुई, जहां पुलिस ने बताया कि शहर के डीप एलम इलाके में हुई गोलीबारी की कई घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए. पुलिस ने अर्कांसस, बर्मिंघम और डेलावेयर जैसे शहरों में भी शूटिंग की सूचना दी है.
घटना को लेकर डलास पुलिस चीफ डैनियल कोमोक्स ने कहा कि इन्वेस्टिगेटर्स यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि शनिवार ( 31 अक्टूबर 2026) की रात हुई ये गोलीबारी की घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं या नहीं.
हैलोवीन में मास शूटिंग
'न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 1 नवंबर 2026 की सुबह टेक्सास के डलास के 'डीप एलम' इलाके में गोलीबारी की 3 घटनाएं हुईं, जिनमें कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए. पुलिस का कहना है कि यह शूटिंग हैलोवीन के दिन देश भर में फैली हिंसा का एक हिस्सा थी, जिसमें कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई और 94 घायल हो गए.
कैलिफोर्निया से लेकर डेलावेयर तक हुई ये घटनाएं नाइट क्लबों, कॉस्ट्यूम की दुकानों, स्टेडियमों के बाहर और कॉलेज कैंपस के पास देखने को मिलीं.
हैलोवीन में क्यों बढ़ती है हिंसा?
अमेरिका में यह हिंसा ऐसे समय पर हुई है, जब पूरा देश हैलोवीन के जश्न में डूबा था. इस त्योहार में लोग तरह-तरह की वेशभूषा बनाकर जश्न मनाते हैं. इस दौरान कई जगहों पर शराब जैसी नशीली चीजों का सेवन भी खूब होता है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ये हिंसा का कारण भी बन सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, हैलोवीन के दौरान हिंसक घटनाओं में काफी उछाल देखने को मिला है.
'नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी' के क्रिमिनोलॉजिस्ट जेम्स एलन फॉक्स की ओर से साल 2005-2009 के बीच एक डेटा एनालिसिस में पाया गया कि 31 अक्टूबर साल का तीसरा सबसे हिंसक दिन है. इससे पहले केवल 4 जुलाई और 1 जनवरी का नंबर आता है.
इन इलाकों में मास शूटिंग
अलबामा के बर्मिंघम में हैलोवीन की रात एक फुटबॉल मैच के दौरान स्टेडियम के ठीक बाहर शूटिंग हुई, जिसमें 1 शख्स की मौत हुई और 8 घायल हुए. इस मैच को देखने के लिए 70,000 दर्शक पहुंचे थे. इलिनॉय के ब्लूमिंगटन में 'इलिनोइस वेस्लेयन यूनिवर्सिटी' के कैंपस में भी 1 नवंबर 2026 को मास शूटिंग हुई, जिसमें 19 साल की एक महिला की मौत हो गई और 7 घायल हुए. इसके अलावा फ्लोरिडा के जैक्सनविले में भी 1 नवंबर 2026 की सुबह हैलोवीन पार्टी में जाने के लिए लाइन में खड़ी 17 साल की एक लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मिसिसिपी के एक क्लब में भी हुई घटना में 2 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हो गए. वहीं, अर्कांसस के शॉपिंग मॉल में भी शूटिंग के दौरान 1 शख्स की मौत हो गई. कैलिफोर्निया के फेयरफील्ड में एक शॉपिंग मॉल के अंदर हैलोवीन कॉस्ट्यूम की दुकान पर हुई गोलीबारी में 31 साल की एक गर्भवती महिला की मौत हो गई और 6 घायल हुए. इन सभी घटनाओं को लेकर पुलिस जांच कर रही है.