अल्बानिया में PM के खिलाफ सड़कों पर फूटा ‘गुस्सा’, तिराना में प्रदर्शन; पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी
अल्बानिया की राजधानी तिराना में प्रधानमंत्री एदी रामा के खिलाफ लोगों का आक्रोश सड़कों पर उतरा है. प्रदर्शनकारी घर जाने को राजी नहीं है. इस्तीफे की मांग को लेकर हुए हालिया प्रदर्शनों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुई हैं. आंदोलन की शुरुआत एक विवादित टूरिज्म प्रोजेक्ट के विरोध से हुई थी.
अल्बानिया की राजधानी तिराना में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच देर रात तक झड़पें होती रहीं. रविवार को भी हजारों लोग देश के प्रधानमंत्री एदी रामा के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे. आपको बताते चलें हालिया प्रदर्शन रामा सरकार के खिलाफ चल रहे लंबे आंदोलन की ताजा कड़ी हैं. इन प्रदर्शन की शुरुआत शांतिपूर्ण तरीके से हुई थी, लेकिन मार्च के दौरान अचानक नकाब पहने प्रदर्शनकारियों के कुछ छोटे समूह अलग हो गए. उन्होंने रास्ते में आने वाले मंत्रालयों की इमारतों की खिड़कियां तोड़नी शुरू कर दीं.
पुलिस ने किया बल प्रयोग
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए आंसू गैस, पानी की बौछार करने वाली गाड़ियों और रबर की गोलियों का इस्तेमाल किया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर और पेट्रोल बम यानी मोलोटोव कॉकटेल फेंके. कुछ लोगों ने सरकारी इमारतों पर लगे स्ट्रीट कैमरों और खिड़कियों को तोड़ने की कोशिश भी की.
इलाके में आंसू गैस का धुआं फैल गया और प्रदर्शनकारी कई सड़कों पर बिखर गए.
तिराना में बवाल जारी
इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अल्बानिया के अलग अलग हिस्सों के अलावा विदेशों से भी लोग तिराना पहुंचे थे. प्रदर्शन ऐसे दिन हुआ, जब देश अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की 114वीं वर्षगांठ मना रहा था. आम तौर पर यह दिन देश में जश्न और सार्वजनिक अवकाश के तौर पर मनाया जाता है.
प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में आने जाने वाली प्रमुख सड़कों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे. पुलिस वाहनों की जांच भी कर रही थी.
‘फ्लेमिंगो मूवमेंट’
हालिया प्रदर्शन सरकार विरोधी प्रदर्शनों की उस श्रृंखला का हिस्सा था, जिसकी शुरुआत मई के आखिर में हुई थी. शुरुआत में प्रदर्शन अल्बानिया के दक्षिणी तट पर प्रस्तावित एक बड़े लग्जरी टूरिज्म प्रोजेक्ट के विरोध में शुरू हुआ था. इस परियोजना का संबंध उस निवेश कंपनी से बताया गया है, जिसकी स्थापना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुश्नर ने की है. इन प्रदर्शनों को बाद में ‘फ्लेमिंगो मूवमेंट’ के नाम से जाना जाने लगा.
'इस्तीफे से कम स्वीकार नहीं'
इसके बाद सितंबर में छात्रों ने भी प्रदर्शन शुरू कर दिए. इनमें से कई प्रदर्शन हिंसक हो गए. छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था और जीवन स्तर में सुधार की मांग कर रहे थे. समय के साथ प्रदर्शनकारियों की मांगें बढ़ती गईं और अब इनमें प्रधानमंत्री एदी रामा के इस्तीफे की मांग भी प्रमुख हो गई है.