)
CM Yuva Bhavishya Nirman Yojana: उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को धामी सरकार ने बड़ी सौगात दी है. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 'मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना' का शुभारंभ कर दिया है. सीएम धामी ने कहा कि इस योजना के जरिए प्रदेश के युवाओं को सरकार निशुल्क घर बैठे प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग कराएगी.
पहले चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को मिलेगा अवसर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अलग-अलग सेक्टर में जो उत्तम श्रेणी के कोचिंग सेंटर हैं, उनके शिक्षक छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराएगी. सीएम धामी ने बताया कि पहले चरण में 11000 छात्र-छात्राओं को इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा. इस योजना के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग के साथ ही गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी.
इन परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे
इस योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा प्रदान की जाएगी. इसमें सिविल सर्विसेज (UPSC एवं राज्य लोक सेवा आयोग), रक्षा सेवाएं (CDS), बैंकिंग, रेलवे और SSC सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल होंगी. इसके अतिरिक्त CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी युवाओं को मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा.
दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को सबसे ज्यादा फायदा
मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना विशेष रूप से प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी. अब युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और वे घर बैठे ही विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में अपनी तैयारी कर सकेंगे. युवाओं के लिए धामी सरकार की यह बड़ी पहल मानी जा रही है. इससे आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली युवा के सपनों के आड़े नहीं आएगी.