गुनगुनी धूप और सुबह-शाम की सिहरन: उत्तराखंड में मौसम मेहरबान, लेकिन ट्रैवेलर्स इन बातों का रखें ध्यान
उत्तराखंड में सुबह हल्की धुंध और दिन में साफ आसमान रहने का अनुमान है. अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. यह मौसम घूमने के लिए शानदार है.
अगर आप उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में इन दिनों घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए अभी परफेक्ट समय है. देवभूमि में अभी मौसम खुशनुमा है. मौसम विभाग के अनुसार, 5 नवंबर को राज्य भर में किसी भी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है. उत्तर-पश्चिम भारत में इस पूरे हफ्ते के दौरान कोई बड़ी हलचल दर्ज नहीं की गई है, जिससे राज्य में बारिश या आंधी-तूफान के आसार न के बराबर हैं.
मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों की ऊंचाइयों तक मौसम पूरी तरह से सामान्य और शुष्क बना हुआ है. आईएमडी ने उत्तराखंड के लिए भारी बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी या बड़ा मौसमी अलर्ट जारी नहीं किया है.
खिलखिलाती धूप के बीच पहाड़ों में बढ़ी सिहरन
भले ही राज्य में किसी बड़े अलर्ट की स्थिति न हो, लेकिन पहाड़ी और मैदानी इलाकों के तापमान में काफी अंतर देखने को मिल रहा है. जहां मैदानी क्षेत्र में दिन के समय खिली हुई गुनगुनी धूप का आनंद लिया जा सकता है. दोपहर में मौसम सुहाना और काफी हद तक साफ रहता है. वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह और देर रात के समय ठंडक काफी बढ़ गई है. सुबह और शाम के वक्त चलने वाली ठंडी हवाएं सिहरन पैदा कर रही हैं.
अगले कुछ दिन शुष्क रहेगा मौसम
पर्वतीय इलाकों में सुबह-सुबह हल्की धुंध और कोहरा छाया रहता है, जबकि दिन चढ़ते ही आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, 11 नवंबर तक उत्तराखंड के किसी भी जिले में बारिश की कोई संभावना नहीं है. पूरे राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क ही बना रहेगा.
लापरवाही पड़ सकती है भारी
अगर आप पहाड़ों के सफर पर निकल रहे हैं, तो दिन की सुहानी धूप आपको मंत्रमुग्ध कर सकती है, लेकिन रास्तों पर थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है. सुबह और देर शाम के समय पहाड़ी मार्गों और घाटियों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है. इससे विजिबिलिटी काफी घट जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है.
सफर में सुरक्षा के टिप्स
1. सुबह या देर शाम गाड़ी चलाते वक्त फॉग लाइट्स और हेडलाइट्स हमेशा ऑन रखें.
2. कम विजिबिलिटी वाले संकरे रास्तों पर गाड़ी की रफ्तार धीमी रखें और निर्धारित स्पीड लिमिट का पालन करें.
3. आगे चल रहे वाहनों से उचित दूरी बनाए रखें, ताकि इमरजेंसी में अचानक ब्रेक लगाने पर एक्सीडेंट से बचा जा सके.
4. सुबह-शाम की ठंड से बचने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े साथ लेकर ही यात्रा की शुरु करें.
यह भी पढ़िए: दिवाली से पहले बदला मौसम का मिजाज, सुबह कोहरा-शाम को ठंड; जानें 5 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?