SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

उत्तराखंड में सुबह-शाम बढ़ेगी ठिठुरन, पहाड़ों में पाला और घाटियों में कोहरे का असर, जानें आपके शहर का वेदर अपडेट

उत्तराखंड में दो दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. पहाड़ों में पाला और घाटियों में कोहरा छाने की संभावना है. गंगोत्री में तापमान माइनस 11 डिग्री दर्ज हुआ. वहीं, रुड़की और रुद्रपुर में एक सप्ताह से हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है.

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 25, 2026, 06:30 IST | Updated: Nov 25, 2026, 06:32 IST
Image Credit: Uttarakhand Weather Update (AI Image)
Join

उत्तराखंड में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिन के समय धूप निकल रही है, लेकिन सुबह और शाम तापमान गिरने से ठिठुरन महसूस होने लगी है. पहाड़ी क्षेत्रों में पाला पड़ने लगा है, जबकि घाटी वाले इलाकों में हल्का कोहरा छाने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं. दो दिसंबर तक मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है. इस बीच गंगोत्री में सुबह का तापमान माइनस 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

25 नवंबर को कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार 25 नवंबर को उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है. प्रदेश में बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. अगले कुछ दिनों तक भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है. हालांकि, पर्वतीय जिलों की घाटियों में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है. पहाड़ों में पाला पड़ने से सुबह और शाम ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा. मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान में 30 नवंबर तक कई जगहों पर कोहरे की संभावना जताई गई है.

दिन में धूप, सुबह-शाम बढ़ रही ठंड
देहरादून और आसपास के इलाकों में मंगलवार को दिनभर धूप खिली रही. सुबह कुछ जगहों पर हल्का कोहरा और धुंध देखने को मिली. शाम होते ही तापमान में गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ गई. हालांकि, दिन के समय धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है. देहरादून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है. आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना जताई गई है.

ये भी पढ़ें- ठिठुरन के साथ धुंधला होगा यूपी का नजारा! सर्द हवा के साथ कोहरा मचाएगा कहर, इन जिलों में IMD ने जारी की चेतावनी, पढ़ें वेदर अपडेट
 

गंगोत्री में माइनस 11 डिग्री पहुंचा तापमान
पहाड़ी इलाकों में सर्दी का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है. गंगोत्री में बुधवार सुबह तापमान माइनस 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यहां सुबह और शाम पाला गिरने से ठंड काफी बढ़ गई है. वहीं, नैनीताल और मसूरी में मौसम साफ रहने से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ रही है. ऋषिकेश में भी पर्यटक राफ्टिंग के लिए पहुंच रहे हैं.

रुड़की और रुद्रपुर में हवा की गुणवत्ता खराब
उत्तराखंड में ठंड के साथ वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है. प्रदेश के रुड़की और रुद्रपुर में पिछले एक सप्ताह से हवा की गुणवत्ता खराब दर्ज की जा रही है. बुधवार सुबह रुड़की का AQI 250, रुद्रपुर का 186 और देहरादून के सहस्रधारा का AQI 150 रिकॉर्ड हुआ. वहीं, पहाड़ी जिलों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ग्रीन जोन में बना हुआ है. यानी प्रदेश के मैदानी शहरों में हवा की गुणवत्ता पहाड़ी इलाकों के मुकाबले ज्यादा खराब दर्ज की गई है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES