App

उत्तराखंड में थमा बारिश का दौर: पहाड़ों पर खिली धूप, मैदानों में चढ़ा पारा, जानिए 22 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम?

जहां उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हुई, वहीं मैदानी इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा. आने वाले दिनों में भी देवभूमि के मौसम में कुछ बदलाव के आसार नहीं दिख रहे हैं. ऐसे में जानिए मौसम विभाग का लेटेस्ट अपडेट...

उत्तराखंड में थमा बारिश का दौर: पहाड़ों पर खिली धूप, मैदानों में चढ़ा पारा, जानिए 22 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम?

उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिला-जुला रूप देखने को मिल रहा है. पिछले कुछ घंटों के दौरान राज्य के कुछ चुनिंदा पर्वतीय और ऊंचाई वाले इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी हुई, लेकिन अब आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है. मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के मुताबिक, 16 नवंबर को राज्य भर में मौसम शुष्क (Dry) रहने की संभावना है. सोमवार के लिए किसी भी तरह की भारी बारिश या आंधी-तूफान की चेतावनी जारी नहीं की गई है.

कैसा रहेगा आने वाले दिनों में मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 22 नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने के आसार हैं. इससे पहले 15 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की आकाशीय बिजली और 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी थी, लेकिन 16 नवंबर से इन गतिविधियों में पूरी तरह से विराम लगने की उम्मीद है.

बीते 24 घंटों में कहां हुई बारिश?
अब अगर देहरादून के मौसम की बात करें तो राजधानी में भी सुबह के समय हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे. इसके बावजूद मौसम आमतौर पर स्थिर और शुष्क बना हुआ है. बीते 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो उत्तराखंड के कुछ इलाकों में छिटपुट बूंदें पड़ी थीं. बद्रीनाथ में 1.4 मिमी, धारचूला में 0.2 मिमी और पांडुकेश्वर में 1.5 मिमी तक बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा चंपावत और मुक्तेश्वर में 37 से 41 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं.

जानिए देवभूमि के तापमान का हाल
अब अगर तापमान की बात करें तो मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य दर्ज किया गया, जबकि पहाड़ों में यह सामान्य से थोड़ा ऊपर रहा. न्यूनतम तापमान मैदानी क्षेत्रों में सामान्य से काफी ऊपर रिकॉर्ड किया गया है. राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पंतनगर (उधम सिंह नगर) में 27.4 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान नई टिहरी में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.देहरादून जैसे प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री और न्यूनतम 15.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा.

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय डिप्रेशन का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर की ओर बढ़ रहा है. इसके 16 नवंबर को एक चक्रवात और 17 नवंबर तक एक गंभीर चक्रवात में तब्दील होकर आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने की संभावना है. हालांकि, इस मौसमी प्रणाली का फिलहाल उत्तराखंड के मौसम पर कोई सीधा और बड़ा असर पड़ने की आशंका नहीं है, फिर भी पर्वतीय इलाकों में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुबह-शाम की ठंड से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More