Uttarakhand Weather Alert: उत्तराखंड में मानसून की सुस्ती! बदरी-केदार समेत 5 जिलों में हल्की बारिश, जानें अपने शहर का हाल
Uttarakhand ka Mausam: मानसून की विदाई से पहले उत्तराखंड में बारिश की गतिविधियां काफी कमजोर पड़ गई हैं और ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहेगा. 20 से 24 सितंबर के बीच केवल 5 पहाड़ी जिलों में हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है. किसी भी तरह की भारी बारिश या भूस्खलन की चेतावनी नहीं है. ऐसे में जानिए आपके शहर में अगले कुछ दिनों तक मौसम कैसा रहने वाला है?
Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड से मानसून के रुखसत होने से ठीक पहले मौसम की रंगत बदल चुकी है. मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) का कहना है कि राज्य में मानसूनी प्रणालियों का असर अब काफी कम हो गया है. पिछले 24 घंटों में भी राज्य के कुछ ही जगहों पर नाममात्र की हल्की बारिश देखने को मिली. आज 20 सितंबर को भी देवभूमि के अधिकांश हिस्सों में धूप खिलने और वातावरण के शुष्क बने रहने की संभावना है.
उच्च पर्वतीय इलाकों में फुहारें पड़ने के आसार
देहरादून मौसम केंद्र के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, आज राज्य के सिर्फ 5 पर्वतीय जिलों में आंशिक बदलाव दिख सकता है. चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की रिमझिम बौछारें गिर सकती हैं. इनके अलावा राज्य के बाकी सभी जिलों में बारिश की कोई संभावना नहीं है. अन्य जिलों में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा.
चारधाम रूट पर आसान रहेगी श्रद्धालुओं की राह
मौसम विभाग का कहना है कि बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के आसपास के क्षेत्रों में हल्के बादल डेरा डाल सकते हैं. दोपहर के बाद या शाम के समय छिटपुट स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. राहत की बात यह है कि IMD ने भारी बारिश या लैंडस्लाइड की कोई चेतावनी जारी नहीं की है, जिससे चारधाम यात्रा पर निकले तीर्थयात्रियों को सफर में कोई अड़चन नहीं आएगी.
तराई व मैदानी क्षेत्रों में बढ़ेगी तपन, मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के मुताबिक, देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की और उधम सिंह नगर के मैदानी भागों में आज दिनभर आसमान साफ रहेगा. तीखी धूप निकलने के कारण दोपहर के वक्त हल्की गर्मी और उमस परेशान कर सकती है, हालांकि, सुबह-शाम हवा में थोड़ी ठंडक महसूस होगी. मैदानी इलाकों में बारिश न होने से आमजन का दिनचर्या और आवाजाही बिना किसी बाधा के चलती रहेगी.
जानिए कुमाऊं अंचल का हाल
मौसम विभाग का कहना है कि हल्द्वानी, रामनगर और काठगोदाम समेत कुमाऊं के मैदानी क्षेत्रों में धूप खिली रहेगी. बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर हल्की वर्षा हो सकती है, जबकि नैनीताल, अल्मोड़ा और चंपावत में मौसम सुहाना और साफ रहने का अनुमान है.
अगले कुछ दिनों के मौसम का पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 21 से 24 सितंबर तक प्रदेश में मौसम का यही रुख कायम रहेगा. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि बाकी जिले सूखे रहेंगे. इसके बाद 25 सितंबर को मौसम में थोड़ा फेरबदल संभव है, जिससे नैनीताल, अल्मोड़ा और चंपावत में भी मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती हैं.