उत्तराखंड में डबल सड़क हादसा: भाई दूज मनाकर लौट रही मां-बेटी समेत तीन की मौत, नैनीताल में भी खाई में समाई कार
पिथौरागढ़ और नैनीताल में दर्दनाक सड़क हादसे हुए हैं. इन दोनों हादसों में मां-बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई है. जबकि, कई लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
उत्तराखंड में बुधवार देर रात दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसे हुए. जिनमें कई परिवारों की खुशियां मातम में तब्दील हो गई. पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाइयों में जा गिरे, जिनमें एक चालक समेत कुल चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं. मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
भाई दूज की खुशियां मातम में बदलीं
पहली घटना पिथौरागढ़ जिले के सैराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग की है, जहां हरड़ा गांव के पास बुधवार देर रात एक बोलेरो मैक्स वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. इस हादसे में वाहन चालक, एक महिला और एक किशोरी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक मां और बेटी भी शामिल हैं, जो भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए पिथौरागढ़ गई हुई थीं और देर रात वापस अपने घर लौट रही थीं.
रात में नहीं लगी हादसे की भनक
रात के समय हादसा होने के कारण किसी को दुर्घटना की भनक नहीं लगी. गुरुवार सुबह जब राहगीरों ने सड़क से नीचे गहरी खाई में क्षतिग्रस्त वाहन को देखा, तब पुलिस को इसकी सूचना दी गई. सुबह करीब नौ बजे पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया. खाई की गहराई ज्यादा होने से शवों को बाहर निकालने में मशक्कत करनी पड़ी. हादसे की सूचना से इलाके में शोक का माहौल है.
कैंची धाम के पास स्विफ्ट डिजायर खाई में गिरी
दूसरी घटना नैनीताल के कैंची धाम के पास निगलाट क्षेत्र में हुई. यहां यूपी के बरेली से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार बेकाबू होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे के वक्त कार में कुल पांच लोग सवार थे. आपदा कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट खैरना की टीम उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
ड्राइवर की मौके पर ही मौत
एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद चार घायलों (सनी, रवि, संचित और संदीप शर्मा) को सुरक्षित खाई से निकालकर सीएचसी भवाली भेजा. वहीं, हादसे में 29 वर्षीय वाहन चालक अनुज तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई. एसडीआरएफ ने मृतक के शव को बाहर निकालकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया है.
(अल्मोड़ा से देवेंद्र बिष्ट और नैनीताल से राम अनुज की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: हरदोई में डिवाइडर से टकराई बेकाबू कार, IT कंपनी के वाइस चेयरमैन समेत 4 की मौत