उत्तराखंड में 5 साल में 36 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी, CM धामी ने बताया कैसे टूटी नकल माफिया की कमर
उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने पांच साल में 36 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा किया. उन्होंने 100 से अधिक नकल माफिया के जेल जाने, बैणी-भुली योजना और सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर भी बात की.
उत्तराखंड की धामी सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में 36 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा किया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ZEE मीडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि राज्य में अब मेहनत करने वाले युवाओं को उनकी मेहनत का फल मिल रहा है. सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाने और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का काम किया है.
36 हजार से ज्यादा युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुताबिक, राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है. उन्होंने कहा कि अब मेहनती और योग्य अभ्यर्थियों को अपनी मेहनत के दम पर नौकरी हासिल करने का मौका मिल रहा है. सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में नकल और गड़बड़ियों को रोकने के लिए भी कड़े कदम उठाए हैं.
100 से ज्यादा नकल माफिया जेल भेजे गए
सीएम धामी ने कहा कि सरकार ने नकल माफिया की कमर तोड़ने का काम किया है. नकल गिरोह में शामिल 100 से ज्यादा अधिकारियों और कर्मचारियों को जेल भेजा गया है. उन्होंने कहा कि पहले भर्ती परीक्षाओं में नकल और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती थीं, लेकिन अब मेहनत करने वाले युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिल रही है.
विधानसभा चुनाव से पहले जनता के सामने आएगा रिपोर्ट कार्ड
विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पिछले पांच वर्षों में किए गए कामों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर लिया है. इसे कल जनता के सामने रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जनहित के कार्यों और विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम किया है. इसी आधार पर सरकार पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के बीच पेश करेगी.
महिलाओं के लिए आएगी बैणी-भुली योजना
धामी सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से बैणी-भुली योजना लेकर आ रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के जरिए महिलाओं को मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे हर मुद्दे में राजनीति नजर आती है.
कांग्रेस पर सीएम धामी का निशाना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य से पांच साल गायब रहती है और केवल चुनाव के समय पॉलिटिकल टूरिज्म के लिए दिखाई देती है.
Reporter- Surendra Dasila