SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

उत्तराखंड के 70 सीटों पर BJP का 'मोर्चा प्लान', कांग्रेस ने दागे तीखे सवाल तो BJP ने दिया करारा जवाब

उत्तराखंड में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव करीब आ रहे हैं, वैसे-वैसे बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है. बीजेपी ने राज्य में अपने सभी प्रमुख मोर्चों को सक्रिय कर दिया है. जिन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसपर कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने है.

Written By Pooja Singh
Published: Nov 10, 2026, 01:18 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 01:29 PM IST
Join

2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है. सत्ताधारी भाजपा (BJP) ने अपनी जीत की हैट्रिक सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है, जिसके तहत पार्टी के सभी सात मोर्चों को राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर खास बैठकों और कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इस राजनीतिक हलचल ने राज्य में नए राजनीतिक समीकरणों और जुबानी जंग को हवा दे दी है. 

​क्या है बीजेपी का प्लान?
​उत्तराखंड के राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा ने युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा और एससी-एसटी मोर्चा जैसे अपने सभी प्रमुख संगठनों को सक्रिय कर दिया है. इन मोर्चों के पदाधिकारी राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर व्यक्तिगत तौर पर पहुंचकर बैठक करेंगे. 

इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना और चुनावी जमीन तैयार करना है.

कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाए आरोप
​​भाजपा की इस आक्रामक रणनीति पर विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने तीखा हमला बोला है. कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के ये मोर्चे सिर्फ कागजी और चुनावी साबित हो रहे हैं. ​कांग्रेस का सवाल है कि ​जब राज्य और देश का किसान अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर संघर्ष कर रहा था, तब किसान मोर्चा कहां था? ​जब युवा बेरोजगारी और भर्ती घोटालों के खिलाफ आंदोलित थे, तब युवा मोर्चा ने चुप्पी क्यों साध रखी थी? ​जब प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठे, तब महिला मोर्चा ने कभी मुखर होकर आवाज क्यों नहीं उठाई?

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट का कहना है कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा को इन मोर्चों की याद आई है, लेकिन जनता इनकी असलियत जान चुकी है और इन बैठकों से चुनावी वैतरणी पार होने वाली नहीं है.

बीजेपी का कांग्रेस पर पलटवार
​कांग्रेस के हमलों पर पलटवार करते हुए भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है. भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि चौहान भट्ट ने कहा कि मिशन 2027 को कामयाब बनाने के लिए पार्टी का हर मोर्चा पूरी तरह से मैदान में उतर चुका है. 

​उन्होंने साफ किया कि सभी मोर्चे अपनी-अपनी विधानसभाओं में जाकर पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों को जनता के बीच रखेंगे. भाजपा का पूरा फोकस इस बात पर है कि सरकार की उपलब्धियां सीधे मतदाताओं तक पहुंचे और संगठन की यह रणनीति चुनाव में निर्णायक साबित हो.

​आने वाले दिनों में देखना यह होगा कि क्या मोर्चों के जरिए होने वाली ये बैठकें भाजपा के लिए गेमचेंजर साबित होती हैं, या फिर कांग्रेस के तीखे सवाल जनता के बीच बड़ा सियासी मुद्दा बन पाते हैं.

(देहरादून से राम अनुज की रिपोर्ट)

यह भी पढ़िए: उत्तराखंड के 26 साल का हिसाब लेकर आई धामी सरकार, विकास पुस्तिका में क्या-क्या बताया?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES