SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

120 साल पुराने पुश्तैनी घर तक पहुंची सड़क, केंद्रीय सचिव सुधांश पंत ने CM धामी का जताया आभार

सुधांश पंत ने बताया कि पिथौरागढ़ के पैतृक गांव तक सड़क पहुंचने के बाद वह 120 साल पुराने घर की मरम्मत करा रहे हैं. इसके लिए धामी का आभार जताया.

Edited By Gunateet Ojha
Published: Nov 13, 2026, 20:14 IST | Updated: Nov 13, 2026, 20:31 IST
Image Credit: केंद्रीय सचिव ने गांव तक सड़क पहुंचने पर जताया सीएम धामी का आभार.
Join

उत्तराखंड में सड़क पहुंचने से अब सिर्फ सफर आसान नहीं हो रहा, बल्कि प्रवासियों का अपने पैतृक गांवों से जुड़ाव भी मजबूत हो रहा है. केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने देहरादून में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में इसका अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से तीन साल पहले पिथौरागढ़ स्थित उनके पैतृक गांव तक सड़क पहुंची. इसके बाद अब वह अपने 120 साल पुराने पुश्तैनी घर की मरम्मत करा रहे हैं. उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का विशेष आभार जताया.

सेवानिवृत्ति के बाद गांव में बिताएंगे समय

सुधांश पंत ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन केवल भावनात्मक जुड़ाव का मंच नहीं है, बल्कि प्रदेश के विकास में योगदान देने का अवसर भी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड ने पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकास किया है.

उन्होंने अपने पैतृक गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि सड़क पहुंचने के बाद अब पुराने घर को ठीक कराने का रास्ता खुला है. उनके मुताबिक जन्मभूमि हर व्यक्ति के लिए स्वर्ग के समान होती है. उन्होंने इच्छा जताई कि सेवानिवृत्ति के बाद अपना समय जन्मभूमि को ही समर्पित करेंगे.

प्रसून जोशी बोले- 'ये उत्तराखंड का उदय है'

प्रसार भारती के अध्यक्ष और गीतकार प्रसून जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड की नई पीढ़ी अपनी बोली और भाषा पर भले ही पहले जितनी पकड़ न रखती हो, लेकिन अपनी पहचान को लेकर उसमें पहले से ज्यादा आत्मविश्वास है. उन्होंने कहा कि पहले उत्तराखंड के लोग जरूरत पड़ने पर ही अपनी पहचान जाहिर करते थे, जबकि आज युवाओं में अपनी जड़ों और पहचान को लेकर गर्व का भाव बढ़ा है. उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार को बधाई दी.

इस मौके पर प्रसून जोशी ने कविता के जरिए प्रदेश की विकास यात्रा को भी सामने रखा. उन्होंने कहा, 'ये उत्तराखंड का उदय है, उदय में एक लय है, ये मस्तक गर्व का है, यहां न कोई भय है, ये उत्तराखंड का उदय है.' उनकी इस प्रस्तुति में प्रदेश की पहचान और नई पीढ़ी के आत्मविश्वास का भाव दिखाई दिया.

'कर्मभूमि कहीं भी हो, जन्मभूमि उत्तराखंड'

दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष और विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि लोगों की कर्मभूमि देश के किसी भी हिस्से में हो सकती है, लेकिन उन्हें इस बात पर गर्व है कि उत्तराखण्ड उनकी जन्मभूमि है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने अपनी प्रतिभा के दम पर देश और विदेश में पहचान बनाई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड तेजी से विकास कर रहा है.

पहाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं

अभिनेत्री चित्रांशी रावत ने कहा कि पहाड़ के लोगों में जितनी सरलता है, उतनी ही जीवटता भी है. पहाड़ का व्यक्ति दुनिया में कहीं भी रहे, उसके भीतर का पहाड़ हमेशा जीवित रहता है. उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. उन्हें बेहतर अवसर और मंच मिलने चाहिए.

देहरादून के दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रवासियों ने प्रदेश से अपने जुड़ाव और विकास में भागीदारी पर विचार रखे. सम्मेलन में गांवों तक सड़क और बुनियादी सुविधाएं पहुंचने के साथ अपनी जन्मभूमि से दोबारा जुड़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES