)
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी पर मंथन का दौर शुरू हो गया है. इसी कड़ी में हल्द्वानी पहुंचे कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने हल्द्वानी, कालाढूंगी और लालकुआं विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं और संभावित दावेदारों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और चुनावी समीकरणों पर विस्तार से चर्चा हुई. खास बात यह रही कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दावेदारों ने अपनी दावेदारी पेश की. वहीं, बैठक के बाद मदन कौशिक ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 'अबकी बार 60 पार' के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी.
हल्द्वानी में भाजपा कार्यालय पर विधानसभा चुनाव को लेकर दावेदारों का जमावड़ा देखने को मिला. हल्द्वानी, कालाढूंगी और लालकुआं विधानसभा क्षेत्रों से 10 से अधिक संभावित दावेदारों ने अपनी दावेदारी पेश की. कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने सभी दावेदारों से एक-एक कर बातचीत की और उनका पक्ष जाना. बैठक में तीनों विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारियों, नेताओं और संभावित प्रत्याशियों ने हिस्सा लिया. इस दौरान क्षेत्रवार राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती और चुनाव में जीत की संभावनाओं को लेकर मंथन किया गया.
बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा का लक्ष्य स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि पार्टी 'अबकी बार 60 पार' के नारे के साथ जनता के बीच जाएगी. केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर पार्टी जनता के बीच अपनी बात रखेगी. उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार के कामकाज के दम पर भाजपा एक बार फिर प्रदेश में मजबूत जनादेश हासिल करेगी.
प्रत्याशियों के चयन को लेकर भी मदन कौशिक ने पार्टी का रुख स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों का चयन पार्टी की मजबूती और जीतने की संभावनाओं को ध्यान में रखकर किया जाएगा. यानी टिकट की दौड़ में संगठन के प्रति समर्पण के साथ-साथ चुनाव जीतने की क्षमता भी अहम रहने वाली है. दूसरी ओर बैठक में पहुंचे संभावित दावेदारों ने भी अपनी राजनीतिक सक्रियता और क्षेत्र में अपनी पकड़ को लेकर पार्टी नेतृत्व के सामने मजबूती से पक्ष रखा.
फिलहाल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हल्द्वानी में हुई इस बैठक ने भाजपा के भीतर टिकट की दावेदारी और चुनावी तैयारियों को लेकर सरगर्मी बढ़ा दी है. तीन विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दावेदारों की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया है कि टिकट की दौड़ अभी से तेज हो गई है. हालांकि, अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही करेगा. अब देखना होगा कि 'अबकी बार 60 पार' का लक्ष्य लेकर चल रही भाजपा किन चेहरों पर दांव लगाती है और चुनावी मैदान में किसे अपना उम्मीदवार बनाती है.