SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

थत्यूड़ में अस्पताल को मिलेगा बड़ा दर्जा, 52.55 करोड़ की योजनाओं से जौनपुर को क्या मिला?

जौनपुर महोत्सव में सीएम धामी ने 52.55 करोड़ की 26 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया. थत्यूड़ CHC को उप जिला अस्पताल बनाने की घोषणा की.

Edited By Gunateet Ojha
Published: Nov 12, 2026, 04:07 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 04:10 PM IST
Image Credit: जौनपुर महोत्सव में सीएम धामी ने 52.55 करोड़ की 26 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया.
Join

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ किया. इस मौके पर उन्होंने क्षेत्र के लिए 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है. मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा भी की. इसके अलावा सड़क और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कई कामों को मंजूरी देने का ऐलान किया.

स्वास्थ्य सुविधा को मिलेगी मजबूती

थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा को क्षेत्र के लिए अहम माना जा रहा है. मुख्यमंत्री ने जौनपुर क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही. जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 273 लाख रुपये और भवन बाजार के आबादी वाले हिस्से की सुरक्षा के लिए 4 करोड़ 72 लाख रुपये की मंजूरी देने की घोषणा की.

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की अलग-अलग सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से जुड़े मांगपत्रों पर भी विचार करने के बाद उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात कही. कार्यक्रम में लोकार्पण और शिलान्यास की गईं 26 योजनाएं सड़क निर्माण और सुधारीकरण, शिक्षा, सिंचाई, पार्किंग, पशुपालन और दूसरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी हैं.

पर्यटन से रोजगार की उम्मीद

धामी ने कहा कि टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है. करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील और आसपास के इलाकों में विशेष पर्यटक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है. झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण भी कराया जा रहा है. इससे पर्यटन गतिविधियों के विस्तार और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.

टिहरी झील को साहसिक पर्यटन और वाटर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है. इसके साथ ही कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 6 करोड़ रुपये से सुरक्षा कार्य पूरे कराए गए हैं. 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन और डामरीकरण का काम भी पूरा किया गया है. पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में 8 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पार्किंग बनाई जा रही है.

स्थानीय उत्पादों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ों से पलायन रोकने के लिए पर्यटन के साथ कृषि, बागवानी, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है. एक जनपद, दो उत्पाद जैसी पहल और हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के जरिए प्रदेश के उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने की कोशिश हो रही है. उनके मुताबिक हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की बिक्री अब तक 6 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है.

उन्होंने स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होमस्टे और वेड इन उत्तराखण्ड जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों से स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ रहे हैं और राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. सरकार का लक्ष्य गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत करना और लोगों को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर देना है.

35 हजार युवाओं को नौकरी

धामी ने कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है. राज्य में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है. सरकार शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के जरिए युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है.

उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेलों को बढ़ावा मिला है. उत्तराखण्ड के युवा भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. जौनपुर महोत्सव में आयोजित खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देती हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत को बचाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं.

दो लोगों को मिला सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि और उद्यानिकी के क्षेत्र में किए जा रहे कामों की सराहना की. पुंडीर सेब के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूल, आलू और रोजमैरी जैसी फसलों की खेती के जरिए स्वरोजगार को बढ़ावा दे रहे हैं.

वहीं, ग्राम सभा पापरा के साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथों का अनुवाद करने के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान दिया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ लोकभाषा और सांस्कृतिक विरासत को बचाए रखना भी जरूरी है. कार्यक्रम में स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार और अन्य जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES