हरीश रावत ने खोले पत्ते: खानपुर से लड़ेंगे चुनाव? उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री ने दिया बड़ा संकेत
कांग्रेस के दिग्गज नेता व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा संकेत दे दिया है. उन्होंने बता दिया कि वह कहां से चुनाव लड़ना चाहते हैं?.
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी इच्छा जाहिर की है. हरीश रावत नें कहा कि उनका मन हरिद्वार की खानपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का है. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा और पार्टी जहां से चुनाव लड़ने का निर्देश देगी, वह वहीं से चुनाव लड़ेंगे. परिवार के लोगों को टिकट दिए जाने के सवाल पर भी हरीश रावत ने खुलकर अपनी बात रखी.
परिवारवाद पर भी दिया जवाब
उन्होंने कहा कि उनके परिवार के लोग पिछले 20 से 25 वर्षों से जनता के बीच रहकर मेहनत कर रहे हैं. परिवारवाद के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि जो लोग उनके परिवार के लोगों की राजनीतिक सक्रियता को परिवारवाद से जोड़ते हैं, उन्हें इस बात को भी देखना चाहिए कि उनके परिवार के सदस्य लंबे समय से जनता के बीच काम कर रहे हैं. इसके साथ ही हरीश रावत ने यह भी कहा कि भाजपा को हराने के लिए जो भी मजबूत प्रत्याशी होगा, वह उसके साथ खड़े हैं.
सियासी हलचल बढ़ी
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के इस बयान ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की सियासत में हलचल बढ़ा दी है. हल्द्वानी पहुंचे हरीश रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि उनका मन हरिद्वार की खानपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का है. हरीश रावत के मुताबिक, खानपुर क्षेत्र से जुड़े लोग उनसे चुनाव लड़ने का आग्रह कर रहे हैं. यही वजह है कि उनके मन में खानपुर से चुनाव लड़ने की इच्छा बनी है.
पार्टी नेतृत्व पर छोड़ा अंतिम फैसला
अब बड़ा सवाल यही है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में हरीश रावत किस सीट से चुनाव मैदान में उतरते हैं और कांग्रेस उनके अनुभव का इस्तेमाल किस रणनीति के तहत करती है. फिलहाल हरीश रावत के खानपुर से चुनाव लड़ने की इच्छा वाले बयान ने उत्तराखंड की सियासत में नई चर्चा जरूर शुरू कर दी है. पार्टी नेतृत्व का फैसला अब इस पूरे मामले में सबसे अहम होगा.
वर्तमान में खानपुर सीट पर निर्दलीय विधायक
बता दें कि वर्तमान में खानपुर सीट से निर्दलीय उमेश कुमार विधायक हैं. उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के रवींद्र सिंह को हराकर विधायक बने थे. 2022 के विधानसभा चुनाव में खानपुर सीट पर बीजेपी तीसरे स्थान पर थी. वहीं, कांग्रेस के सुभाष चौधरी चौथे नंबर पर थे.
यह भी पढ़ें : दलेर मेहंदी विवाद: सीएम के दखल के बाद भी नहीं बदले सुबोध उनियाल के सुर, दिया बेबाक बयान