App

Dehradun News: पटेल नगर में महिला शराब तस्कर गिरफ्तार, 200 टेट्रा पैक अवैध शराब बरामद

Dehradun News: देहरादून एसएसपी के निर्देश पर अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक महिला शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 पेटी से अधिक अवैध शराब बरामद की है.

Dehradun News: पटेल नगर में महिला शराब तस्कर गिरफ्तार, 200 टेट्रा पैक अवैध शराब बरामद
Image Credit: Dehradun Police Arrest

रामअनुज/देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ दून पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक महिला शराब तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है.

बाजार पटेलनगर क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसपी दून के सख्त निर्देशानुसार पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान बाजार पटेलनगर क्षेत्र से पुलिस ने एक महिला तस्कर को दबोच लिया. पकड़ी गई महिला की पहचान सीता देवी (उम्र 45 वर्ष) पत्नी विजय, निवासी ब्रह्मपुरी (पटेलनगर) के रूप में हुई है. तलाशी लेने पर उसके पास से 200 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब (जो कि 4 पेटी से अधिक है) बरामद की गई.

आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना पटेलनगर में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.  इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एसआई शिखा, कांस्टेबल अनिल सालार और नितिन शामिल रहे. देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब और नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसा ही सख्त अभियान जारी रहेगा..

आशीष रांगड़ 6 महीने के लिए जिला बदर
देहरादून एसएसपी के निर्देश पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने गुंडा अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन अपराधी आशीष रांगड़ को 6 महीने के लिए जिला बदर कर दिया है.

मारपीट और लड़ाई-झगड़े के कई आपराधिक मामले दर्ज
​माता मंदिर रोड, मोथारावाला निवासी आरोपी के खिलाफ मारपीट और लड़ाई-झगड़े के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.  जनहित और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी के आदेश पर यह कार्रवाई की गई.

​पुलिस ने ढोल-नगाड़े बजाकर और लाउडस्पीकर से मुनादी करते हुए जनता के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार किया. इसके बाद आरोपी को सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) बॉर्डर तक ले जाकर जनपद की सीमा से बाहर छोड़ दिया गया. पुलिस ने कड़ी चेतावनी दी है कि यदि वह निर्धारित 6 महीने की अवधि में देहरादून सीमा में घुसा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

खाई में गिरी स्कूटी,जवानों ने सुरक्षित बाहर निकाला
पौड़ी गढ़वाल केसतपुली क्षेत्र में दंगलेश्वर महादेव मंदिर मार्ग पर एक स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 10 मीटर नीचे खाई में जा गिरी. हादसे में 56 वर्षीय रणवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. ​घटना की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सतपुली की टीम मुख्य आरक्षी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में तुरंत मौके पर पहुंची. SDRF जवानों ने बिना समय गंवाए खाई में उतरकर घायल को सुरक्षित बाहर निकाला और स्थानीय पुलिस के वाहन से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया. ​जवानों की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से घायल को समय पर उचित चिकित्सीय सहायता मिल सकी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More