App

उत्तराखंड में सियासी घमासान: नितिन नबीन के 'राहुल मियां' वाले बयान पर भड़की कांग्रेस

Uttarakhand Politics: बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के बयान को लेकर उत्तराखंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासी नाराजगी है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नितिन नबीन से माफी मांगने की मांग की है.

उत्तराखंड में सियासी घमासान: नितिन नबीन के 'राहुल मियां' वाले बयान पर भड़की कांग्रेस
Image Credit: Nitin Nabin and Rahul Gandhi

Uttarakhand Politics: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को “राहुल मियां” कहने के बयान पर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है. बयान के विरोध में हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और नितिन नबीन का पुतला फूंका. कांग्रेस ने भाजपा पर धर्म, संप्रदाय और जाति के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए नितिन नबीन से तत्काल माफी मांगने की मांग की है.

नितिन नबीन के खिलाफ नारेबाजी 
हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा नेताओं की ओर से लगातार ऐसे बयान दिए जा रहे हैं, जिनका मकसद जनता को असल मुद्दों से भटकाना है. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नितिन नबीन का पुतला भी फूंका. कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने भाजपा पर धर्म, संप्रदाय और जाति के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा के पास जनता से जुड़े मुद्दों का जवाब नहीं है, इसलिए धार्मिक और साम्प्रदायिक मुद्दों को आगे बढ़ाया जा रहा है.

नितिन नबीन ने कांग्रेस सांसद पर कसा था तंज 
कांग्रेस नेता गोविंद बिष्ट ने भी नितिन नबीन के बयान पर आपत्ति जताते हुए इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने बयान पर तत्काल माफी मांगें. बता दें कि एक दिन पहले नितिन नबीन ने अपने भाषण के दौरान मंच से कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को राहुल "मियां" कहकर संबोधित किया था. नितिन नबीन ने कहा था कि राहुल मियां विदेशी संस्कृत में ही पले बड़े हैं, उनको भारतीय संस्कृति में कोई रुचि नहीं है.

उत्तराखंड में बीजेपी-कांग्रेस के बीच जुबानी जंग शुरू 
कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि अगर नितिन नबीन ने अपने बयान पर माफी नहीं मांगी, तो आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर और बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा. फिलहाल नितिन नबीन के बयान के बाद उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है.

कांग्रेस को दलित विरोधी बताया था 
इससे पहले नितिन नबीन ने बीजेपी कार्य​समिति की बैठक की थी. नितिन नबीन ने कांग्रेस पर दलितों का अपमान करने का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा कि दलितों का अगर किसी ने सम्मान किया तो हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया. उन्होंने ही बाबा साहेब आंबेडकर के नाम पर पंच तीर्थ बनाने का काम किया.  

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More