'अंकिता ने सुसाइड किया था, मर्डर नहीं', आरोपी पुलकित आर्य के पिता का बड़ा दावा
अंकिता भंडारी हत्याकांड में पुलकित आर्य के पिता ने कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की. कांग्रेस ने भाजपा पर साजिश का आरोप लगाया, भाजपा ने बयान से दूरी बनाई.
सुरेंद्र डसीला/देहरादून: उत्तराखंड का चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. इस बार विवाद की वजह बनी है अंकिता और उसके दोस्त के बीच की बताई जा रही 4085 पेज की कथित व्हाट्सएप चैट, जिसे जेल में बंद मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने सार्वजनिक कर दिया है.
हरिद्वार में वकील के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में विनोद आर्य ने दावा किया कि उनका बेटा राजनीतिक दबाव में गलत फंसाया गया है. उन्होंने कहा कि अंकिता की हत्या नहीं हुई, बल्कि उसने अपने माता-पिता और दोस्त की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या की थी. उन्होंने 4085 पेज की कथित चैट का हवाला देते हुए कहा कि इसमें अंकिता ने कहीं भी पुलकित के खिलाफ कुछ नहीं कहा है. उन्होंने SIT की जांच पर भी सवाल उठाए और पूरे मामले की CBI से दोबारा जांच की मांग की. उन्होंने अंकिता के दोस्त और उसके माता-पिता की भूमिका की भी जांच की मांग की. ये दावे विनोद आर्य और उनके वकील के हैं. कोर्ट ने इन दावों को अभी तक तथ्य नहीं माना है.
कांग्रेस का सवाल- जांच एजेंसी के पास की चैट बाहर कैसे आई?
कांग्रेस ने इस पूरे मामले पर BJP को घेरा है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने सवाल उठाया कि जो चैट जांच एजेंसी के पास थी, वो पुलकित के पिता तक कैसे पहुंची? कांग्रेस का आरोप है कि चैट सार्वजनिक करने के पीछे BJP की साजिश हो सकती है.
भाजपा ने बयान से बनाई दूरी
वहीं BJP ने इस विवाद से दूरी बना ली है. प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विनोद आर्य की प्रेस कॉन्फ्रेंस को उनका निजी मामला बताया.उनका कहना है कि सरकार ने अपना काम किया है और दोषी जेल में हैं.
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के एक दिन बाद सोमवार को नया मोड़ आ गया. पहाड़ी महासभा के पदाधिकारियों ने नगर कोतवाली में प्रदर्शन करके विनोद आर्य के खिलाफ शिकायत दी है. शिकायत में आरोप है कि उन्होंने पीड़िता की प्राइवेट चैट सार्वजनिक करके जांच को प्रभावित करने की कोशिश की है.
फिर चर्चा में आया अंकिता भंडारी हत्याकांड
19 साल की अंकिता भंडारी ऋषिकेश के पास वनंतरा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थी. 18 सितंबर 2022 को उसकी हत्या का आरोप रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता पर लगा. 30 मई 2025 को कोर्ट ने तीनों को हत्या में उम्रकैद की सजा सुनाई थी. कोर्ट ने अंकिता की चैट को ही मोटिव माना था, जिसमें VIP मेहमान के लिए एक्स्ट्रा सर्विस का दबाव बनाने की बात थी. फरवरी 2026 में CBI ने इस केस में VIP एंगल की जांच के लिए अज्ञात लोगों के खिलाफ अलग से केस दर्ज किया था.
फिलहाल विवाद के केंद्र में दो सवाल हैं-जांच से जुड़ी बताई जा रही चैट पुलकित आर्य के पिता तक कैसे पहुंची और इसे सार्वजनिक करने के पीछे क्या मंशा थी? अब देखना होगा कि इस पर जांच एजेंसियों और संबंधित पक्षों की ओर से क्या सफाई सामने आती है.