App

तारीख पर तारीख, अब 2027 का इंतजार: रिलीज से ठीक 4 दिन पहले टली सनी देओल की फिल्म 'सूर्या', आखिर क्या है माजरा?

सनी देओल की फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' की रिलीज डेट टल गई है. 20 नवंबर को आने वाली यह फिल्म अब 2027 में रिलीज हो सकती है. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के विरोध के बाद मेकर्स ने यह फैसला लिया है.

तारीख पर तारीख, अब 2027 का इंतजार: रिलीज से ठीक 4 दिन पहले टली सनी देओल की फिल्म 'सूर्या', आखिर क्या है माजरा?
Image Credit: विवादों में घिरी सनी देओल की 'सूर्या' (instagram/sunnydeol)

बॉलीवुड के एक्शन स्टार सनी देओल की मच अवेटेड फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' का इंतजार कर रहे फैंस के लिए एक निराश करने वाली खबर सामने आई है. यह फिल्म इसी हफ्ते 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया है. रिलीज से ठीक चार दिन पहले मेकर्स ने फिल्म को पोस्टपोन करने का फैसला लिया है और इसके पीछे एक बड़ा विवाद बताया जा रहा है.

सनी देओल की अपकमिंग फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' अब तय तारीख 20 नवंबर को थिएटर्स में नहीं आ पाएगी. इस फिल्म का टीजर 19 अक्टूबर को रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद भी किया था. लेकिन अब फिल्म की रिलीज को सीधे 2027 तक के लिए टाल दिया गया है. बताया जा रहा है कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन यानी IMA की ओर से दर्ज कराई गई एक शिकायत के बाद मेकर्स को यह बड़ा कदम उठाना पड़ा है.

क्लीयरेंस के बाद ही होगा नई तारीख का ऐलान

बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, IMA की यह शिकायत अब हेल्थ मिनिस्ट्री तक पहुंच चुकी है. इस पूरे मामले पर फिल्म के मेकर्स का कहना है कि उनका इरादा पूरे मेडिकल जगत को गलत तरीके से दिखाने या डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देने का बिल्कुल भी नहीं है. हालांकि, इस तरह के मामलों में एक तय सरकारी प्रक्रिया को फॉलो करना पड़ता है और इसमें काफी समय लग रहा है. इसी वजह से मेकर्स ने फिल्म की रिलीज को रोकने का फैसला किया है.

 

 

मेकर्स पहले संबंधित अधिकारियों से सभी जरूरी क्लीयरेंस लेंगे और सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से सेंसर सर्टिफिकेट हासिल करेंगे. इसके बाद ही फिल्म की नई रिलीज डेट की घोषणा की जाएगी.

2026 में रिलीज मुश्किल, जनवरी 2027 पर नजर

यह भी दावा किया जा रहा है कि 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' अब साल 2026 में रिलीज नहीं हो पाएगी. दरअसल, दिसंबर के महीने में पहले से ही कई बड़ी हिंदी और इंग्लिश फिल्मों की लाइन लगी हुई है और बॉक्स ऑफिस पर काफी भीड़ रहने वाली है. ऐसे में मेकर्स नहीं चाहते कि उनकी फिल्म को स्क्रीन मिलने में कोई दिक्कत हो. इसलिए उन्होंने फिल्म को सीधे 2027 में सिनेमाघरों में लाने का मन बनाया है. खबरों के अनुसार, अगले साल 15 जनवरी की तारीख पर विचार किया जा रहा है. हालांकि, जब तक यह पूरा विवाद पूरी तरह से सुलझ नहीं जाता, तब तक किसी भी तारीख को फाइनल नहीं माना जा सकता.

देखें ट्रेलर-

 

 

मलयालम फिल्म की रीमेक है 'सूर्या'

'सूर्या: अंत से आरंभ तक' के जरिए डायरेक्टर पद्मकुमार अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं. यह फिल्म साल 2018 में आई सुपरहिट मलयालम फिल्म 'जोसेफ' का ऑफिशियल हिंदी रीमेक है. इस बेहतरीन कहानी को इससे पहले तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं में भी बनाया जा चुका है, जहां इसे दर्शकों का खूब प्यार मिला था. फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो इसमें सनी देओल के साथ रवि किशन, सौम्या टंडन, मनीष वाधवा, जिशु सेनगुप्ता, प्रज्ञा जैसवाल और टीनू आनंद जैसे शानदार कलाकार अहम किरदारों में नजर आने वाले हैं.  

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More