अंकिता केस में पुलकित के पिता पर FIR, WhatsApp चैट सार्वजनिक करने का आरोप
अंकिता भंडारी हत्याकांड में पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो FIR दर्ज. अंकिता की मां की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की.
देहरादून: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक नया मोड़ आ गया है. इस मामले में अब मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. साथ ही उनके वकील अनुज पुंडीर को भी आरोपी बनाया गया है. देहरादून के राजपुर थाने में दोनों के खिलाफ जीरो FIR दर्ज की गई है. यह कार्रवाई अंकिता की मां सोनी देवी की लिखित शिकायत पर हुई है.
क्या है मां की शिकायत?
सोनी देवी ने अपनी शिकायत में कहा है कि हरिद्वार में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद उनकी दिवंगत बेटी अंकिता की निजी व्हाट्सएप चैट को सार्वजनिक कर दिया गया था. शिकायत में उन्होंने विनोद आर्य और वकील अनुज पुंडीर पर इस काम में शामिल होने का आरोप लगाया है.
किन धाराओं में दर्ज हुई FIR?
मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने ये धाराएं लगाई हैं -आईटी (संशोधन) अधिनियम, 2008 - धारा 66C और 66Dभारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 - धारा 356(2) और 79पहले से ही हो रही थी मांग
बता दें, अंकिता के माता-पिता पहले से ही विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे. कुछ दिन पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सामाजिक संगठनों के लोग और अंकिता के माता-पिता पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे. वहां उन्होंने एडीजी कानून-व्यवस्था से मुलाकात की थी और विनोद आर्य पर कार्रवाई की मांग उठाई थी.
CBI कर रही है जांच
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच इस समय CBI कर रही है. अब इस मामले में पुलकित आर्य के पिता और एक वकील पर जीरो FIR दर्ज होने के बाद यह केस एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है.
अंकिता भंडारी हत्याकांड
अंकिता भंडारी हत्याकांड 18 सितंबर 2022 को हुआ था. अंकिता पौड़ी जिले में गंगा भोगपुर स्थित वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट का काम करती थी. इसके बाद 24 सितंबर 2022 को, करीब 6 दिन बाद उसका शव चीला नहर से बरामद हुआ था. हत्या के मामले में रिसॉर्ट मालिक सहित तीन दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है. नवंबर 2026 में, दोषी के पिता द्वारा अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करने के आरोप में नई एफआईआर (FIR) दर्ज होने के कारण यह मामला एक बार फिर चर्चा में है.