'राहुल गांधी के पेट में दर्द...',अमित शाह ने UCC और घुसपैठियों के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा, दिया 65+ सीटों का टारगेट
शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अमित शाह देहरादून दौरे पर रहे. यहां उन्होंने उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में शिरकत की. उनके समारोह में पहुंचते ही परेड ग्राउंड में मोदी-मोदी के नारे गूंजने लगे. समारोह को संबोधित करते हुए शाह ने विपक्ष पर जोरदार निशाना साधा.
उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह से अमित शाह ने 'मिशन उत्तराखंड' का बिगुल बजा दिया है. इस मौके पर देहरादून का परेड ग्राउंड 'मोदी-मोदी' के गूंजते नारों से पट गया. राज्योत्सव के मंच से केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने जहां उत्तराखंड की विकास यात्रा को सराहा, वहीं उन्होंने राज्य में पार्टी के 'मिशन 2027' का आगाज भी कर दिया.
लोकगायक और अभिनेता को किया सम्मानित
गृह मंत्री ने राज्य की जनता को भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प दिलाते हुए '65 पार' का लक्ष्य तय किया. समारोह के दौरान राज्य की 24 सालों की स्वर्णिम यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया. इस खास मौके पर लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडेय को 'लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार' से सम्मानित किया गया.
राहुल गांधी पर तीखा प्रहार
अमित शाह ने अपने संबोधन में विपक्षी दल कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाने साधे. एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने जनसमूह से पूछा कि क्या मतदाता सूची से अवैध घुसपैठियों के नाम हटने चाहिए या नहीं?
शाह ने कहा कि देश और देवभूमि के कोने-कोने से एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकाला जाएगा, लेकिन जब भी घुसपैठियों पर कार्रवाई होती है, राहुल गांधी के पेट में दर्द होने लगता है. नेता प्रतिपक्ष 'वोट बचाओ' नहीं, बल्कि 'घुसपैठिया बचाओ' यात्रा निकाल रहे हैं. राहुल जी का यह झूठा नैरेटिव देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी.
कांग्रेस पर लगाए संगीन आरोप
गृह मंत्री ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और राम मंदिर विरोध की पुरानी राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी चुनावों में विपक्ष भले ही मुस्लिम यूनिवर्सिटी का दांव खेले, लेकिन धामी सरकार देवभूमि में सरकारी जमीनों पर अवैध मजारों और मदरसों के नाम पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
'अटल जी ने बनाया, मोदी जी संवार रहे हैं'
उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए अमित शाह ने कहा कि रामपुर तिराहा कांड समेत कई संघर्षों के बाद पहाड़ी जनता के सपने को भाजपा की अटल सरकार ने 9 नवंबर 2000 को पूरा किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन में शामिल दलों ने उत्तराखंड राज्य निर्माण को रोकने के लिए निहत्थे आंदोलनकारियों पर अत्याचार ढाए थे.
शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में ऐसा कौन-सा ऐतिहासिक काम किया, जिसे जनता याद रखे? उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था 'मनीऑर्डर इकोनॉमी' और पलायन के भरोसे छोड़ दी गई थी, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पर्यटन, रोजगार और बुनियादी ढांचे में ऐतिहासिक सुधार हुआ है.
2047 तक भारत का पहला विकसित राज्य बनेगा उत्तराखंड
सुरक्षा और सुशासन का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए अमित शाह ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर से देश की सीमाएं अभेद्य हुई हैं. यूसीसी (समान नागरिक संहिता) का जिक्र करते हुए उन्होंने गर्व जताया कि देवभूमि का अनुकरण करते हुए आज देश के 15 राज्य यूसीसी की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने संकल्प दोहराया कि 2047 के 'विकसित भारत' के संकल्प में उत्तराखंड देश का पहला पूर्ण विकसित राज्य बनकर उभरेगा.
यह भी पढ़िए: कौन हैं NRI विजय शर्मा? अमेरिका में करोड़ों की नौकरी छोड़ मारेंगे सियासी एंट्री, उत्तराखंड की इस सीट से लड़ेंगे चुनाव