SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जागेश्वर धाम की 9 प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की तैयारी? भड़के स्थानीय लोग, हरिश रावत ने दी चेतावनी

जागेश्वर धाम की 9 प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली शिफ्ट करने की सूचना पर स्थानीय लोगों और पुजारियों ने प्रशासन का जमृकर विरोध किया. वहीं पूर्व सांसद हरीश रावत हरिश रावत ने केंद्र और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 28, 2026, 16:38 IST | Updated: Nov 28, 2026, 17:08 IST
Image Credit: जागेश्वर धाम की 9 प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की तैयारी? भड़के स्थानीय लोग, हरिश रावत ने दी चेतावनी
Join

उत्तराखंड के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम की 9 प्राचीन और दुर्लभ मूर्तियों को दिल्ली शिफ्ट किए जाने की सूचना से स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई है. शनिवार को पुरातत्व विभाग की टीम के मूर्तियों को ले जाने के लिए जागेश्वर स्थित संग्रहालय पहुंचने की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, व्यापार मंडल के पदाधिकारी और पुजारी विरोध में एकत्र हो गए. लोगों ने विभाग की इस कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मूर्तियों को संग्रहालय से नहीं हटाने की मांग की.

जागेश्वर धाम की मूर्तियां दिल्ली शिफ्ट करने विवाद पर हरीश रावत ने जताया विरोध
इस मामले को लेकर कांग्रेस के पूर्व सांसद हरीश रावत ने भी विरोध जताया है. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की प्रक्रिया रोकने की अपील की है. हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों के विरोध का वीडियो साझा करते हुए कहा कि जागेश्वर धाम उत्तराखंड की प्राचीन और पवित्र धार्मिक धरोहर है, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है.

हरीश रावत बोले- उत्तराखंड की धरोहर दिल्ली नहीं जाने देंगे
हरीश रावत ने कहा कि उन्हें जागेश्वर धाम के एक पुजारी के माध्यम से जानकारी मिली है कि संग्रहालय में रखी 9 प्राचीन धरोहर मूर्तियों को दिल्ली शिफ्ट करने के लिए एक टीम पहुंची है. स्थानीय लोग और पुजारी इसका पुरजोर विरोध कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जागेश्वर हमारा अत्यंत प्राचीन और पावन धाम है, जिससे पूरे उत्तराखंड और विश्व के श्रद्धालुओं की गहरी धार्मिक आस्था जुड़ी है. हम उत्तराखंड के अपने मंदिरों की इन अमूल्य मूर्तियों को किसी भी हालत में दिल्ली शिफ्ट नहीं होने देंगे.

हरीश रावत ने राज्य सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस प्रक्रिया को तत्काल रोकने की अपील की. उन्होंने कहा कि उन्होंने कुमाऊं कमिश्नर से भी बातचीत कर मामले का तत्काल संज्ञान लेने को कहा है.

कुमाऊं कमिश्नर से की बात, गोविंद सिंह कुंजवाल से भी आग्रह
हरीश रावत ने वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह कुंजवाल से आग्रह किया है कि वे तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और स्थानीय लोगों के साथ खड़े रहें. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह स्वयं भी जागेश्वर धाम पहुंचेंगे.

पूर्व सांसद ने कहा कि जागेश्वर धाम उत्तराखंड का एक बड़ा तीर्थस्थल है, जहां भगवान शिव के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि जब लोग संग्रहालय और मंदिर के दर्शन के लिए जागेश्वर आते हैं तो वहां की प्राचीन प्रतिमाओं को दिल्ली ले जाने की जरूरत क्यों पड़ रही है.

केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग 
उन्होंने इस कदम को गलत बताते हुए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने और मूर्तियों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग की. साथ ही राज्य सरकार से भी इस मामले में पहल करने की अपील की.

मूर्तियों को हटाने पर स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि संग्रहालय में रखी प्राचीन मूर्तियां जागेश्वर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. ये मूर्तियां वर्षों से संग्रहालय में सुरक्षित हैं और मंदिर समूह के प्राचीन इतिहास को दर्शाती हैं.

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि इससे पहले यहां से ले जाई गई लकुलीश और पौण राजा की मूर्तियों को भी वापस इसी संग्रहालय में रखा गया था. ऐसे में अब दुर्लभ मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की तैयारी स्थानीय विरासत के संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है.

मूर्तियों को संग्रहालय से न हटाने की मांग, आश्वासन नहीं मिलने पर धरना-अनशन की चेतावनी 
स्थानीय नागरिकों ने पुरातत्व विभाग की टीम से मांग की कि संग्रहालय से किसी भी मूर्ति को बाहर नहीं ले जाया जाएगा, इसका लिखित आश्वासन दिया जाए. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि लिखित आश्वासन नहीं मिला तो संग्रहालय के गेट पर धरना और अनशन शुरू किया जाएगा. साथ ही मूर्तियों को हटाने का प्रयास होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी.

लिखित आश्वासन नहीं मिला तो धरने की चेतावनी
जागेश्वर में स्थानीय लोगों का विरोध लगातार इस मांग पर केंद्रित है कि संग्रहालय की प्राचीन मूर्तियों को यहीं सुरक्षित रखा जाए. प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक पुरातत्व विभाग की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा.

फिलहाल, मूर्तियों को दिल्ली शिफ्ट किए जाने की सूचना पर विवाद गहरा गया है. स्थानीय लोगों के विरोध और हरीश रावत की मांग के बीच अब इस मामले में पुरातत्व विभाग और सरकार के आधिकारिक रुख का इंतजार है.

ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में डॉक्टरों की पहाड़ों में तैनाती अनिवार्य, मेडिकल PG पर 2 साल का बॉन्ड, कैबिनेट ने 23 प्रस्तावों पर लगाई मुहर

(अलमोड़ा से देवेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES