SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

गोमती किनारे 'समूचा भारत'... भजनों पर झूमे युवा, 'योगी की पाती' में लोगों ने लिखे अपने मन के भाव

लखनऊ के 1090 चौराहे पर 'योगी की पाती' प्रदर्शनी देखने लोग पहुंचे. 'रंग दे बसंती' मंच पर भजनों की प्रस्तुति पर युवा देर रात तक झूमते रहे.

Edited By Gunateet Ojha
Published: Nov 18, 2026, 15:44 IST | Updated: Nov 18, 2026, 15:51 IST
Image Credit: 'योगी की पाती' के 50 सप्ताह पूरे होने पर भारतीय संस्कृति का संगम देखने को मिला.
Join

लखनऊ के 1090 चौराहे पर मंगलवार को 'योगी की पाती' प्रदर्शनी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. गोमती किनारे आयोजित इस कार्यक्रम में अलग-अलग जगहों से आए लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया. किसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल को संवाद का अच्छा माध्यम बताया तो किसी ने उनके विचारों को अपने जीवन के लिए प्रेरणादायक बताया. लोगों ने वहां लगे कैनवास पर अपने मन के भाव भी लिखे.

कार्यक्रम में 'रंग दे बसंती' के मंच पर अध्यात्म, सूफी संगीत और भारतीय संस्कृति का संगम देखने को मिला. आरजे प्रतीक ने भजनों की प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया. गोपाष्टमी के अवसर पर राधे-कृष्ण, भगवान शिव और काशी विश्वनाथ से जुड़े भजनों पर युवा देर रात तक झूमते रहे.

50 सप्ताह से अधिक समय से जारी है 'योगी की पाती'

'योगी की पाती' प्रदर्शनी के 50 सप्ताह से अधिक पूरे होने के अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भी इसका अवलोकन किया. सलोन विधायक अशोक कुमार मंगलवार दोपहर कार्यक्रम में पहुंचे. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों पर अपने विचार रखे.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संकल्प, संवाद और संवेदना से प्रदेश के 25 करोड़ लोगों के जीवन में बदलाव आया है. प्रदर्शनी के जरिए लोगों को वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की बदली पहचान को देखने का अवसर मिल रहा है. इस दौरान प्रदेश को 'उत्सव प्रदेश' के रूप में मिली पहचान और सरकार की पहल पर भी चर्चा हुई.

कैनवास पर लोगों ने लिखे अपने विचार

प्रदर्शनी देखने पहुंचे लोगों को अपने विचार साझा करने का मौका भी दिया गया. इसके लिए वहां एक कैनवास लगाया गया था. लखनऊ की अमृता साहू ने लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन और विचार उनका मार्गदर्शन करते हैं. अलीगढ़ के चंद्र प्रकाश सिंह ने 'योगी की पाती' को संवाद का बेहतरीन माध्यम बताया.

महेश चंद्र विंद ने लिखा कि मुख्यमंत्री योगी की विचारधारा ने प्रदेश के लोगों को प्रभावित किया है. इनके अलावा कई अन्य लोगों ने भी कैनवास पर अपने मन की बात लिखी. इस तरह प्रदर्शनी केवल देखने तक सीमित नहीं रही, बल्कि लोगों को अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कराने का मौका भी मिला.

भजनों पर देर रात तक झूमते रहे युवा

कार्यक्रम का सांस्कृतिक आकर्षण 'रंग दे बसंती' का मंच रहा. यहां आरजे प्रतीक ने 'गाइये गणपति जगवंदन', 'हनुमान चालीसा' और 'श्रीराम-जानकी बैठे हैं मेरे सीने में' जैसे भजनों की प्रस्तुति दी. इसके बाद 'हर हर महादेव शंभू-काशी विश्वनाथ की जय' और 'ॐ नमः शिवाय' जैसे भजनों से माहौल भक्तिमय हो गया.

गोपाष्टमी के अवसर पर 'वृंदावन जाऊंगी- कभी न लौटकर आऊंगी' और 'छोटी सी गैया-छोटे छोटे ग्वाल' जैसे गीत भी प्रस्तुत किए गए. इन प्रस्तुतियों पर युवा झूमते नजर आए. मंच पर गिटार पर आर्यन, कीबोर्ड पर अर्जुन और ड्रम पर विट्ठल ने संगत की. संगीत और भजनों के जरिए कार्यक्रम में अध्यात्म और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली.

क्विज में विनायक, आयुष और शिवम ने मारी बाजी

कार्यक्रम के दौरान दर्शकों के लिए क्विज प्रतियोगिता भी रखी गई. इसमें विनायक, आयुष पटेल और शिवम माधव ने सही जवाब देकर जीत हासिल की. कार्यक्रम के अंत में सूचना निदेशक विशाल सिंह ने गायकों, वाद्ययंत्र कलाकारों और क्विज के विजेताओं को सम्मानित किया.

'योगी की पाती' प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए कार्यक्रम में लोगों को अपनी प्रतिक्रिया देने और संगीत का आनंद लेने का मौका मिला. एक ओर प्रदर्शनी में प्रदेश के बदलावों और मुख्यमंत्री की पहल पर लोगों ने अपने विचार रखे तो दूसरी ओर भजनों ने शाम को भक्तिमय बना दिया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES