SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'अखिलेश ने पिता और चाचा को अहमियत नहीं दी, रामपुर वाले 'चचा' को क्या देंगे'

आजम खान और अखिलेश की दूरी पर ओपी राजभर का बड़ा हमला. जानिए भाईचारा समीकरण, जयंती विवाद और सियासी तंज की पूरी बात.

Written By Gunateet Ojha
Published: Nov 23, 2026, 23:11 IST | Updated: Nov 23, 2026, 23:15 IST
Image Credit: Social Media
Join

उत्तर प्रदेश की राजनीति में आजम खान की रिहाई के बाद अब समाजवादी पार्टी के भीतर रिश्तों को लेकर नई बहस छिड़ गई है. योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. राजभर ने सवाल उठाया कि आजम खान जेल से बाहर आ गए, लेकिन अखिलेश ने उनसे मुलाकात क्यों नहीं की? मुलायम सिंह यादव की जयंती पर भी उन्हें लखनऊ क्यों नहीं बुलाया गया? राजभर ने इसी बहाने अखिलेश के पिता और चाचा से रिश्तों का जिक्र किया और सपा के मुस्लिम-यादव समीकरण पर भी तंज कसा.

'पिता और सगे चाचा को महत्व नहीं दिया तो आजम को क्या देंगे'

ओम प्रकाश राजभर ने 23 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव को निशाने पर लिया. उन्होंने लिखा कि आजम खान कुछ दिनों के लिए जेल से बाहर आए हैं, लेकिन ऐसा लग रहा है कि उनके बाहर आने से अखिलेश को कोई खास खुशी नहीं हुई. राजभर ने सवाल किया कि अखिलेश ने न तो आजम से दुआ-सलाम की और न ही उनसे मिलने की फुर्सत निकाली. उन्होंने यह भी कहा कि मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आजम खान को लखनऊ आमंत्रित नहीं किया गया.

राजभर ने आगे लिखा कि जब अखिलेश ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव और सगे चाचा शिवपाल यादव को ही महत्व नहीं दिया तो रामपुर वाले चाचा यानी आजम खान को क्या महत्व देंगे. इस टिप्पणी के जरिए उन्होंने अखिलेश और उनके परिवार के पुराने राजनीतिक मतभेदों को फिर चर्चा में ला दिया.

सपा के भाईचारा समीकरण पर भी कसा तंज

राजभर ने अखिलेश यादव के 'भाईचारा' वाले राजनीतिक संदेश पर भी कटाक्ष किया. उन्होंने सपा के मुस्लिम-यादव यानी एम-वाई समीकरण को निशाने पर लेते हुए कहा कि इसमें 'भाई' तो स्थायी रहता है, लेकिन 'चारा' बदलता रहता है. उनके मुताबिक कभी इस समीकरण में आजम खान का चेहरा प्रमुख था, लेकिन अब उनकी जगह कोई और आ गया है.

राजभर की इस टिप्पणी का इशारा सपा के मुस्लिम वोट आधार और पार्टी में आजम खान की भूमिका की ओर था. आजम खान लंबे समय तक सपा के प्रमुख मुस्लिम चेहरों में रहे हैं. रामपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी उनका प्रभाव रहा है. राजभर ने इसी राजनीतिक हैसियत को लेकर अखिलेश पर सवाल उठाने की कोशिश की.

आजम को बताया 'दग चुकी गोली'

राजभर ने अपने पोस्ट में आजम खान की मौजूदा राजनीतिक ताकत पर भी तंज कसा. उन्होंने सवाल किया कि क्या अखिलेश अब आजम खान को 'दग चुकी गोली' समझने लगे हैं? राजभर ने दावा किया कि एक समय आजम खान सैफई सिंडिकेट के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश का राजनीतिक अंडरवर्ल्ड संभालते थे, लेकिन अब उनकी स्थिति बदल गई है.

उन्होंने आजम खान के एक कथित बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उनके मुताबिक आजम ने कहा था कि वह अब बिकने को तैयार हैं और कोई सही कीमत देकर उन्हें खरीद सकता है. राजभर ने इसी संदर्भ में अखिलेश को सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आजम खान को खरीदने के लिए बाजार में दाढ़ी और मूंछ वाले लोग पहले से घूम रहे हैं. इस टिप्पणी का इशारा असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की ओर माना जा रहा है. दोनों नेताओं ने हाल में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है.

अखिलेश और आजम के रिश्तों में क्या वाकई दूरी है?

राजभर के बयान से यह सवाल फिर उठा है कि आजम खान और अखिलेश यादव के बीच रिश्ते किस मोड़ पर हैं. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में एक तथ्य भी अहम है. अखिलेश यादव 22 अक्टूबर को रामपुर जेल में आजम खान से मिलने पहुंचे थे. उस समय आजम जेल में बंद थे और दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई थी. ऐसे में राजभर का ताजा आरोप आजम की रिहाई के बाद मुलाकात न होने और मुलायम सिंह यादव की जयंती पर न्योता न मिलने को लेकर है.

आजम खान 18 नवंबर को डासना जेल से रिहा हुए थे. इसके बाद उनकी रामपुर वापसी हुई. राजभर ने अब इसी घटनाक्रम को आधार बनाकर अखिलेश पर हमला बोला है. फिलहाल यह साफ नहीं है कि आजम खान ने खुद इस कथित दूरी को लेकर कोई शिकायत की है या नहीं. राजभर के बयान पर अखिलेश यादव और आजम खान की ओर से भी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

2027 से पहले मुस्लिम राजनीति पर नजर

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम मतदाताओं के बीच राजनीतिक पकड़ को लेकर बयानबाजी तेज हो रही है. सपा लंबे समय से मुस्लिम-यादव समीकरण को अपनी राजनीति का अहम आधार मानती रही है. वहीं ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का सामाजिक परिवर्तन मोर्चा भी नए राजनीतिक विकल्प के तौर पर अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहा है. ऐसे समय में आजम खान की राजनीतिक भूमिका और अखिलेश यादव के साथ उनके रिश्ते चर्चा का विषय बनना स्वाभाविक है. राजभर का बयान भी इसी सियासी माहौल में आया है.

क्या बिरयानी बदल देगी यूपी चुनाव का जायका, आजम खान के तंज के बाद ओवैसी की बिरयानी पार्टी ने मचाई हलचल
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES