मेरठ से कश्मीर और फिर पाकिस्तान से जुड़े तार! कौन है उजैद, जिसकी गिरफ्तारी के बाद भी खत्म नहीं हुई जांच! मसूद अजहर से था प्रभावित
मेरठ में गिरफ्तार उजैद के पाकिस्तान और कट्टरपंथी नेटवर्क से संभावित संपर्कों की जांच जारी है. 2023 में मसूद अजहर से प्रभावित होने से लेकर संदिग्ध सोशल मीडिया गतिविधियों और गिरफ्तारी तक, जानें इस पूरे मामले की टाइमलाइन और जांच से जुड़ी जानकारी.
Meerut To Pakistan Connection: उत्तर प्रदेश के मेरठ में करीब 19-20 साल के एक युवक की गिरफ्तारी के बाद उसके संभावित आतंकी संपर्कों की जांच तेज हो गई है. गिरफ्तार युवक की पहचान उजैद के रूप में हुई है. उसके तार जम्मू-कश्मीर में एक सैन्य एयरबेस पर हमले की कथित साजिश से जुड़े होने की आशंका है. जांच एजेंसियां उसके पाकिस्तान में मौजूद संदिग्ध लोगों और शहजाद भट्टी गैंग से संभावित संपर्कों को भी खंगाल रही हैं.
उजैद की कहानी सिर्फ उसकी गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है. साल 2023 से उसकी कथित कट्टरपंथी गतिविधियों, सोशल मीडिया पर संदिग्ध संपर्कों और जम्मू-कश्मीर पुलिस की तलाश से इस पूरे मामले के कई पहलू जुड़े हैं. आइए सिलसिलेवार तरीके से समझते हैं कि अब तक इस मामले में क्या-क्या सामने आया है.
साल 2023: मसूद अजहर से प्रभावित होने की बात आई सामने
मिली जानकारी के मुताबिक, उजैद साल 2023 से मौलाना मसूद अजहर से प्रभावित होने लगा था. इसके बाद उसकी ऑनलाइन गतिविधियों में कट्टरपंथी विचारों से जुड़ाव की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि इसी दौरान वह साजिद नाम के एक व्यक्ति के संपर्क में आया. साजिद ने उसे कई व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा था. इन ग्रुप में राष्ट्रविरोधी और कट्टरपंथी गतिविधियों से जुड़ी बातचीत होने की बात सामने आई है. आरोप है कि इन ग्रुप के जरिए लोगों को हिंसा के लिए उकसाया जा रहा था.
ये भी पढ़ें- सैन्य एयरबेस निशाने पर था? मेरठ में पकड़ा गया संदिग्ध, WhatsApp चैट से खुलेंगे राज
सोशल मीडिया पर संदिग्ध पहचान का इस्तेमाल
जांच में उजैद की सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर भी कई जानकारियां सामने आई हैं. बताया जा रहा है कि वह चार संदिग्ध इंस्टाग्राम आईडी चला रहा था. इनमें तीन आईडी का पाकिस्तान से संबंध होने की बात कही जा रही है. सादिक नाम की पहचान के इस्तेमाल को लेकर भी जांच की जा रही है. आरोप है कि उजैद किसी दूसरे व्यक्ति के नाम से सोशल मीडिया अकाउंट चला रहा था. ये आईडी करीब एक साल पहले बनाई गई थीं.
नवंबर 2025: जम्मू-कश्मीर में पकड़ा गया साजिद
इस पूरे मामले में साजिद का नाम भी अहम है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, नवंबर 2025 में साजिद को जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किया गया था. उजैद के उसके साथ करीब छह महीने तक ऑनलाइन संपर्क में रहने की बात भी सामने आई है. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि साजिद और उजैद के बीच किस तरह का संपर्क था और इस कथित नेटवर्क में उजैद की क्या भूमिका थी.
जनवरी में मेरठ पहुंची थी जम्मू-कश्मीर पुलिस
उजैद की तलाश में जम्मू-कश्मीर पुलिस पहले भी मेरठ आ चुकी थी. जनवरी में पुलिस उसे पकड़ने के लिए पहुंची थी, लेकिन उस समय वह नहीं मिला था. कुल दो बार जम्मू-कश्मीर पुलिस के उसकी तलाश में मेरठ आने की बात सामने आई है. हालांकि, उस समय पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी थी.
व्हाट्सएप चैट और पाकिस्तान कनेक्शन की जांच
उजैद के मोबाइल से मिली संदिग्ध व्हाट्सएप चैट अब जांच का अहम हिस्सा हैं. ग्रुप में मेरठ से जुड़ी अहम सूचनाएं साझा किए जाने की बात भी सामने आई है. आईबी, एटीएस और इंटेलिजेंस की टीमों ने उजैद से कई घंटे तक पूछताछ की है. पूछताछ के दौरान पाकिस्तान के मोबाइल नंबरों से बातचीत के भी इनपुट मिले हैं. इसके अलावा शहजाद भट्टी गैंग और पाकिस्तानी आतंकी हैंडलरों से उसके संभावित संपर्कों की जांच की जा रही है.
अब मेरठ पुलिस की गिरफ्त में उजैद, आगे क्या होगा?
मेरठ पुलिस ने उजैद को गिरफ्तार कर लिया है. इसकी सूचना जम्मू-कश्मीर पुलिस को भी दे दी गई है. अब जम्मू-कश्मीर पुलिस उसे लेने मेरठ आ रही है. जांच एजेंसियां उजैद की डिजिटल गतिविधियों, बैंक खातों और संपर्कों को खंगाल रही हैं. कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि उजैद की इस कथित आतंकी साजिश में कितनी भूमिका थी और उसके पाकिस्तान से संभावित संपर्क किस स्तर तक थे. इन सवालों के जवाब आगे की जांच और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे.