1 मौत और 2 लापता... प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम का रहस्य क्या? अपनों की तलाश में दर-दर भटक रहे परिजन
Premanand Maharaj Ashram Mystery: वृंदावन (मथुरा): वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज का 'श्री हित राधा केली कुंज आश्रम' इन दिनों अचानक सुर्खियों और विवादों के केंद्र में आ गया है. एक की संदिग्ध मौत और अब दो लोगों के लापता होने से वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़े मामले लगातार सवालों के घेरे में हैं. परिवार के लोग अपनों की तलाश में परेशान हो रहे हैं.
Premanand Maharaj Ashram Controversy/कन्हैया लाल शर्मा: आश्रम के एक शिष्य दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब दीक्षा लेने आया एक शिष्य रहस्यमयी तरीके से लापता हो गया है. वहीं नोएडा की एक युवती प्रेमानंद आश्रम जाने कीबात कहकर निकली थी जिसका अभी तक पता नहीं लग पाया है. घर से आश्रम के लिए निकले श्रद्धालुओं के अचानक गायब होने और एक युवक की मौत के बाद अब परिजनों का सब्र टूट चुका है. पीड़ित परिवार आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गए हैं और सवाल उठा रहे हैं कि आखिर आश्रम के भीतर क्या चल रहा है?
1. हाथरस का 16 वर्षीय अनुज: 3 महीने से लापता, परिजन धरने पर
हाथरस के सादाबाद का रहने वाला 16 वर्षीय अनुज चौधरी इंटरमीडिएट का छात्र है और चार बहनों का इकलौता भाई है.
क्या हुआ था?
अनुज ने केली कुंज आश्रम में प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी. दीक्षा लेने के 5 दिन बाद वह कंठी-माला और धार्मिक पुस्तकें लेकर दर्शन की बात कहकर निकला, लेकिन बीते 3 महीने से उसका कोई सुराग नहीं है.
आश्रम पर गंभीर आरोप: अनुज के पिता राजवीर सिंह, मां, दादी और चारों बहनें आश्रम के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं. परिजनों का आरोप है कि पूछताछ करने पर उन्हें धक्के मारकर बाहर निकाल दिया गया और सीसीटीवी फुटेज भी नहीं दिखाए गए. परिजनों का कहना है कि जब तक अनुज नहीं मिल जाता, वे आश्रम के बाहर से नहीं हटेंगे.
2. नोएडा की युवती: 15 अगस्त से रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब
अनुज के मामले के बीच ही नोएडा निवासी उमेश सिंह भी अपने परिवार के साथ केली कुंज आश्रम पहुंचे हैं.
क्या हुआ था:पिता ने कहा कि उनकी बेटी 15 अगस्त को घर से यह कहकर निकली थी कि वह प्रेमानंद महाराज की बड़ी भक्त है और उनके आश्रम जा रही है, लेकिन इसके बाद वह कभी घर नहीं लौटी.
परिजनों के मुताबिक, युवती पहले भी घर से गई थी, लेकिन बाद में वापस लौट आई थी. इस बार कई सप्ताह बीत जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका है.
अनहोनी की आशंका: परिजनों ने नोएडा में गुमशुदगी दर्ज कराई है. पिता उमेश सिंह ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी आश्रम या उससे जुड़े लोगों के संपर्क में हो सकती है, क्योंकि वह लगातार महाराज जी के संपर्क में रहने की बात करती थी. हालांकि, नोएडा की युवती के आश्रम में होने की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. परिवार की शिकायत और उसके बाद पुलिस जांच से ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
3. '1 मौत' का साया और आश्रम की कार्यप्रणाली पर उठते सवाल
आश्रम के एक शिष्य दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. आश्रम से जुड़े मामलों में पूर्व में सामने आई मौत और अब लगातार दो युवाओं के गायब होने की खबरों ने केली कुंज आश्रम के सुरक्षा व प्रबंधन तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सीसीटीवी और सुरक्षा गार्डों की मनमानी
परिजनों का कहना है कि जब भी वे अपने बच्चों की जानकारी लेने पहुंचते हैं, तो आश्रम के सुरक्षा गार्ड और सेवादार उन्हें भगा देते हैं.
दीक्षा रिकॉर्ड पर रहस्य
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि दीक्षा लेने वाले साधकों और अनुयायियों का आश्रम के पास क्या लिखित रिकॉर्ड है.
पुलिस और आश्रम प्रबंधन की सफाई
मामला तूल पकड़ते ही सीओ वृंदावन संदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
आश्रम का पक्ष
आश्रम प्रबंधन का दावा है कि गायब किशोर अनुज की तस्वीर सेवादारों के ग्रुप में भेजी गई है और वे जांच में पुलिस का पूरा सहयोग कर रहे हैं.
पुलिस की कार्रवाई: पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराने की कोशिश की है. सीओ का कहना है कि सादाबाद थाने में दर्ज मुकदमे के आधार पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और गायब युवती व किशोर दोनों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं.