गाजीपुर में जुए के अड्डे पर खूनी खेल: जुआ खेलते वक्त पिस्टल से दनादन फायरिंग, दो युवक गंभीर रूप से घायल
गाजीपुर में जुए के अड्डे पर जुआ खेलने के दौरान अचानक पिस्टल से फायरिंग हो गई. इस फायरिंग में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. एक युवक के दाहिने हाथ में गोली लगी, जबकि दूसरे युवक के पेट में गोली लग गई. जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में सोमवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहांव गांव के पासीपुरवा में तालाब के पास चल रहे जुए के एक अड्डे पर उस वक्त खूनी खेल शुरू हो गया, जब खेल के दौरान अचानक पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई.
इस गोलीबारी में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई है.
जुए के अड्डे पर कैसे शुरू हुआ खूनी विवाद?
बताया जा रहा है कि मौके पर करीब आठ से दस लोग जुआ खेल रहे थे. इसी दौरान ग्राम सभा बकराबाद के प्रधान संजय बिंद अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचे और जुआ खेलने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान संजय बिंद ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी. इस गोलीबारी में सुरेंद्र के दाहिने हाथ में गोली लगी, जबकि अजय कुमार के पेट में बाईं तरफ गोली लग गई.
घायल बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर
गोली चलने की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. परिजनों का आरोप है कि संजय बिंद ने दोनों युवकों को गोली मारी है. घटना के बाद वह अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया. इससे आक्रोशित लोगों ने बाइक को आग के हवाले कर दिया.
(गाजीपुर से आलोक त्रिपाठी की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: 'मत मारो' गिड़गिड़ाते रहे लोग, पर नहीं पसीजा दिल: कुत्ते पर गिरा नशेड़ी, काटने पर भड़की भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला