आज UP को पहली स्लीपर वंदे भारत की सौगात, वाराणसी से दिल्ली तक सफर होगा हाईटेक; CM योगी और अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी
वाराणसी से दिल्ली के बीच यूपी की पहली और देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन आज शाम बनारस स्टेशन से रवाना होगी. CM योगी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हरी झंडी दिखाएंगे.
स्लीपर वंदे भारत: उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए आज का दिन बेहद खास है. पूर्वांचल को आज रेलवे की तरफ से बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है. वाराणसी से नई दिल्ली के बीच यूपी की पहली और देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ होने जा रहा है. बनारस रेलवे स्टेशन (वाराणसी जंक्शन) से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. स्लीपर वंदे भारत के साथ नई मेमू ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी.
आज शाम 4.30 बजे रवाना होगी ट्रेन
रेलवे के मुताबिक, उद्घाटन स्पेशल के तौर पर यह ट्रेन आज शनिवार शाम 4:30 बजे बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 से नई दिल्ली के लिए रवाना होगी और आधी रात के बाद करीब 2 बजे दिल्ली पहुंचेगी. पहले दिन इस ट्रेन में रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवार और कुछ स्कूली बच्चे प्रयागराज और कानपुर तक सफर करेंगे. उद्घाटन के बाद यह ट्रेन आम यात्रियों के लिए कब से शुरू होगी, इस बारे में अभी रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है. आम यात्रियों के लिए इस ट्रेन का नियमित संचालन दीपावली से पहले शुरू होने की उम्मीद है, जिससे त्योहारी सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
823 सीट, 16 कोच-जानें रूट और टाइमिंग
यह पूरी तरह AC स्लीपर ट्रेन होगी
ट्रेन नंबर: 27421/27422 (वाराणसी से शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन)
कोच: 16 कोच (11 थर्ड AC, 4 सेकंड AC, 1 फर्स्ट AC)
सीट: कुल 823 बर्थ
ठहराव: वाराणसी - प्रयागराज - कानपुर सेंट्रल - अलीगढ़ - गाजियाबाद - नई दिल्ली
आज 3 MEMU ट्रेनों को भी हरी झंडी
स्लीपर वंदे भारत के साथ ही आज बनारस मंडल को 3 नई मेमू ट्रेनों की भी सौगात मिलेगी. सीएम योगी और रेल मंत्री इन ट्रेनों को भी रवाना करेंगे।
वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस
बनारस-प्रयागराज रामबाग फास्ट मेमू
वाराणसी जंक्शन-राजातालाब मेमू
कैंट से राजातालाब जाने वाली मेमू ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 4 से चलेगी, जिसमें पहले दिन 200 से ज्यादा स्कूली छात्र सफर करेंगे.
साबरमती एक्सप्रेस भी पहुंचेगी वाराणसी
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुक्रवार को हरी झंडी दिखाई गई वाराणसी-साबरमती नई एक्सप्रेस आज शनिवार को वाराणसी पहुंचेगी। गुजरात, राजस्थान और यूपी को जोड़ने वाली यह ट्रेन व्यापारियों और छात्रों के लिए काफी सुविधाजनक होगी. यह ट्रेन वाराणसी से शाम 5:30 बजे चलकर अगले दिन रात 8:15 बजे साबरमती पहुंचेगी.