)
बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव क्षेत्र का असर झारखंड के मौसम पर देखने को मिल रहा है. इसके प्रभाव से राज्य के कई जिलों में मौसम में बदलाव की संभावना है. कुछ इलाकों में कोहरा छाए रहने के साथ आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 3 नवंबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. वहीं, 4 नवंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है.
वहीं, मौसम विभाग ने आज (31 अक्टूबर, 2026) भी राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है. इस दौरान राजधानी रांची, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका और देवघर सहित कई जिलों में बारिश होने की संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को मौसम का अपडेट देखकर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है. वहीं बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचने को भी कहा गया है. मौसम विभाग के अनुसार, आज 31 अक्टूबर को भी राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है. साथ ही, इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के लगभग सभी जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, लातेहार, लोहरदगा, रांची, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.वहीं कहीं-कहीं तेज बारिश होने के भी आसार लगाया जा रहा है.
वहीं, बारिश होने के बाद राज्य में ठंड का असर बढ़ गया है. आज झारखंड के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, तो वहीं न्यूनतम तापमान 18 से 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. राज्य में मौसम के बदलाव को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.