App

UP Weather Today: मानसून की विदाई के बाद बदला यूपी का मौसम, 6-7 को बदलेंगे हालात, जानिए बारिश पर आया नया अपडेट

UP Aaj Ka Mausam: उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद मौसम अब साफ और शुष्क बना हुआ है. 4 अक्टूबर को प्रदेश में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, हालांकि 6-7 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. अगर आप रविवार को किसी काम या यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो बारिश आपकी तैयारियों में कोई खलल नहीं डालेगी. ऐसे में जानिए अगले कुछ दिन मौसम कैसा रहने वाला है?

UP Weather Today: मानसून की विदाई के बाद बदला यूपी का मौसम, 6-7 को बदलेंगे हालात, जानिए बारिश पर आया नया अपडेट
Image Credit: UP Weather Update

UP Aaj Ka Mausam: उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की विदाई के बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा है.  पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, रविवार 4 अक्टूबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा. इस दौरान किसी भी जिले के लिए बारिश या अन्य मौसम संबंधी कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि, धूप खिलने के साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे दिन के समय हल्की उमस और गर्मी महसूस होगी.

4 अक्टूबर को कैसा रहेगा यूपी का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 4 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना है. बारिश की गतिविधियां नहीं होने से दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है.  वहीं, न्यूनतम तापमान में भी लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.

पिछले 24 घंटों में आगरा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. झांसी में पारा 35.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा. बांदा में 34.8, फतेहपुर और बहराइच में 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

मुजफ्फरनगर और इटावा में रही ठंडी रात
रात के तापमान की बात करें तो मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री और इटावा में 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हरदोई में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 3.3 डिग्री कम है. इससे साफ है कि दिन में गर्मी बढ़ने के बावजूद रात के समय हल्की ठंडक का अहसास बना हुआ है. लखनऊ में दिन का तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है.

6 और 7 अक्टूबर को बारिश का अनुमान
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 6 अक्टूबर से मौसम में फिर बदलाव आएगा। 6 और 7 अक्टूबर को पूर्वी यूपी के अधिकांश हिस्सों और पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है.  हालांकि, फिलहाल इसे लेकर किसी गंभीर मौसम चेतावनी की बात नहीं कही गई है।

8 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में मौसम फिर शुष्क होने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है. कुल मिलाकर अक्टूबर के पहले सप्ताह में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, लेकिन फिलहाल भारी बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More