UP में ठंड की एंट्री! पूर्वांचल में घने कोहरे का अलर्ट, जानें 24 नवंबर को लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में 24 नवंबर को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन पूर्वांचल के वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और अयोध्या मंडल में सुबह घने कोहरे का अलर्ट है. जानें लखनऊ-कानपुर का तापमान और मौसम का ताजा हाल
यूपी मौसम समाचार: नवंबर का आखिरी हफ्ता शुरू होते ही उत्तर प्रदेश में मौसम ने अपना मिजाज बदलना शुरू कर दिया है. दिन में धूप तो खिल रही है, लेकिन सुबह-शाम की ठंड ने लोगों को स्वेटर निकालने पर मजबूर कर दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक 24 नवंबर को पूरे यूपी में मौसम सूखा रहेगा, बारिश की कोई संभावना नहीं है. लेकिन सुबह के समय पूर्वांचल में घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी कर दिया गया है.
पूर्वांचल में कोहरे का कहर
वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और अयोध्या मंडल के जिलों में सुबह और देर रात घना कोहरा छाया रह सकता है. इससे विजिबिलिटी काफी कम हो जाएगी, जिससे सड़क और ट्रेन की रफ्तार पर ब्रेक लग सकता है. सुबह-सुबह सफर करने वालों को खास सावधानी बरतनी होगी.
लखनऊ-कानपुर और पश्चिमी यूपी का हाल
पश्चिमी यूपी में मौसम साफ और सूखा बना रहेगा. लखनऊ, कानपुर और आसपास के जिलों में सुबह हल्की धुंध रहेगी, लेकिन दिन में तेज धूप निकल आएगी. लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. यानी दिन में धूप और रात में ठिठुरन!
नवंबर के आखिरी सप्ताह में बढ़ेगी ठंड?
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे बहुत अहम हैं. नवंबर का आखिरी हफ्ते के आगे बढ़ने के साथ रात के तापमान में गिरावट का असर दिखाई दे सकता है. सुबह और शाम ठंड का एहसास बढ़ने की संभावना है. हालांकि, दिन में धूप निकलने के कारण फिलहाल लोगों को बहुत ज्यादा ठंड का सामना नहीं करना पड़ेगा. इसलिए मौसम में बदलाव के साथ सुबह-शाम गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा.
कोहरे में गाड़ी की स्पीड धीमी रखें
लोगों को सलाह है कि वाहन चलाते समय फॉग लाइट का इस्तेमाल करें. अपने से आगे वाली गाड़ी से दूरी बनाकर चलें. हाईवे पर ओवरटेक से बचें. ताजा अपडेट के लिए IMD के अलर्ट पर नजर बनाए रखें.